अपडेटेड 8 February 2026 at 14:16 IST
Namkeen Sevai: सिर्फ 15 मिनट में बनकर तैयार हो जाती है नमकीन सेवइयां, मैगी और नूडल्स भूल जाएंगे; पढ़ें आसान रेसिपी
नमकीन सेवाइयां सिर्फ 15 मिनट में बनकर तैयार हो जाती है और ये नूडल्स के मुकाबले सेहत के लिए अच्छी भी होती है। अगर आपको नाश्ते में फटाफट कुछ बनाना है तो आप इसे ट्राई कर सकते हैं। जानें आसान रेसिपी।
Namkeen Sevai Recipe: भागदौड़ भरी जिंदगी में सुबह का नाश्ता जल्दी-जल्दी तैयार करना पड़ता है। ज्यादातर लोग इसी वजह से मैगी या इंस्टेंट नूडल्स की ओर रुख कर लेते हैं। लेकिन रोजाना ये खाने से कैलोरी बढ़ने का डर भी रहता है। हम बताने जा रहे हैं एक ऐसी आसान और सेहतमंद रेसिपी जो सिर्फ 15 मिनट में बनकर तैयार हो जाती है। जी हां हम बात कर रहे हैं नमकीन सेवइयां की। ये हल्की, स्वादिष्ट और पौष्टिक होती हैं।
सब्जियों के साथ बनने वाली नमकीन सेवइयां नाश्ते के लिए शानदार ऑपशन हैं। खास बात ये कि इसमें मैदा की जगह गेहूं की सेवइयां इस्तेमाल होती हैं, जो पचने में हल्की होती हैं और पेट को लंबे वक्त तक भरा रखती हैं। नमकीन सेवइयां खास इसलिए भी है क्योकि इसकी एक प्लेट में करीब 120-150 कैलोरी (सब्जियों के साथ) होती है, साथ ही अच्छी मात्रा में फाइबर और प्रोटीन भी इसमें होता है, इसे खाने से पेट काफी देर तक भरा भरा रहता है, कुल मिलाकर सुबह की एनर्जी के लिए अच्छा ऑप्शन है।
नमकीन सेवइयां बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
- 1 कप सेवइयां (भूनकर रखी हुई या सादी भी चलेगी)
- 2 कप पानी
- 1 बड़ा प्याज, लंबाई में कटा
- 1 टमाटर, बारीक कटा
- 2 हरी मिर्च, कटी हुई
- 1 छोटा टुकड़ा अदरक, कद्दूकस किया हुआ
- आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- नमक
- तेल
- नींबू का रस और ताजी धनिया (परोसने के लिए)
नमकीन सेवइयां बनाने का आसान तरीका
नमकीन सेवइयां बनाने के लिए सबसे पहले कढ़ाई में एक बड़ा चम्मच तेल गर्म करें।
इसमें जीरा या सरसों के दाने डालकर चटकने दें।
कद्दूकस किया अदरक डालकर 30 सेकंड भूनें।
प्याज डालकर सुनहरा होने तक भून लें।
टमाटर और हरी मिर्च डालकर 2 मिनट तक पकाएं।
हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और नमक मिलाकर अच्छे से भूनें।
सेवइयां डालकर 1-2 मिनट हल्का भून लें।
2 कप पानी डालें, ढककर मध्यम आंच पर 4-5 मिनट पकाएं।
पानी सूख जाए और सेवइयां नर्म हो जाएं तो गैस बंद करें।
नींबू का रस निचोड़ें और ताजी धनिया से सजाकर गर्मा-गर्म परोसें।
स्वाद बढ़ाने के लिए आप उबला हुआ आलू, गाजर या मटर भी डाल सकते हैं। वहीं, ज्यादा हेल्दी बनाना चाहें तो 1 छोटा चम्मच घी भी डाले। वहीं, बच्चों के लिए बनाएं तो मिर्च कम की जा सकती है। ये रेसिपी न सिर्फ स्वाद में लाजवाब है, बल्कि वजन कम करने में भी काम आती है और सेहत के लिए भी फायदेमंद है। अगली बार जब नाश्ते के लिए कुछ हेल्दी और जल्दी बनने वाली चीज चाहिए, तो नमकीन सेवइयां जरूर ट्राई करें। ये खाने के बाद मैगी और नूडल्स खाने का मन नहीं करेगा।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 8 February 2026 at 14:16 IST