अपडेटेड 30 January 2026 at 13:51 IST
How To Wash Wool Sweater: सर्दियों के बाद ऊनी स्वेटर धोने का सही तरीका, जानें आसान और असरदार टिप्स
How To Wash Wool Sweater: सर्दियों में ऊनी कपड़ों को धोने का सही तरीके को नोट कर लें, वरना हो जाएगी गलती। आइए आपको बताते हैं कुछ आसान और असरदार टिप्स के बारे में...
How To Wash Wool Sweater: सर्दियों के मौसम में ऊनी स्वेटर हम रोजाना यूज करते हैं। ये न सिर्फ ठंड से बचाते हैं बल्कि सही देखभाल न होने पर जल्दी खराब भी हो सकते हैं। अक्सर लोग ऊनी कपड़ों को धोते समय कुछ आम गलतियां कर देते हैं, जिसकी वजह से स्वेटर सिकुड़ जाता है या उसका शेप बिगड़ जाता है। ऐसे में ठंड का मौसम खत्म होने से पहले अगर ऊनी स्वेटर को सही तरीके से धो लिया जाए, तो उन्हें लंबे समय तक नया रखा जा सकता है। आइए जानते हैं ऊनी स्वेटर धोने के आसान और असरदार तरीकों के बारे में...
ऊनी स्वेटर धोने के लिए ठंडे पानी का करें इस्तेमाल
ऊनी कपड़ों को कभी भी गर्म पानी में नहीं धोना चाहिए। गर्म पानी की वजह से ऊन के रेशे सिकुड़ सकते हैं, जिससे स्वेटर खराब हो जाता है। स्वेटर धोते समय हमेशा ठंडा या हल्का गुनगुना पानी ही इस्तेमाल करें, ताकि कपड़े की क्वालिटी जल्दी खराब न हो।
हल्का डिटर्जेंट या वूल शैम्पू करे यूज
नॉर्मल कपड़ों के लिए इस्तेमाल होने वाला डिटर्जेंट ऊनी कपड़ों को नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए ऊनी स्वेटर धोने के लिए हमेशा वूल डिटर्जेंट या फिर शैम्पू का इस्तेमाल करना चाहिए। इससे कपड़ा मुलायम रहता है और लंबे समय तक टिकता है।
स्वेटर को ज्यादा देर तक पानी में न भिगोएं
ऊनी कपड़ों को लंबे समय तक पानी में भिगोकर रखना सही नहीं होता है ऐसा करने से कपड़ा कमजोर हो सकता है। बेहतर होगा कि स्वेटर को सिर्फ 10 मिनट तक ही पानी में भिगोकर रखें और फिर धोना शुरू कर दें।
हाथ से हल्के हाथों से करें सफाई
ऊनी स्वेटर को हाथ से धोना सबसे सुरक्षित तरीका माना जाता है। इसके लिए स्वेटर को पानी में डालें और हल्के हाथ से दबाते हुए गंदगी साफ कर लें। रगड़ने या मरोड़ने से बचें, क्योंकि इससे कपड़े की शेप खराब हो सकता है।
धीरे-धीरे रिंस करना है जरूरी
स्वेटर धोने के बाद उसे साफ ठंडे पानी से 2 से 3 बार हल्के हाथों से रिंस करें। साबुन निकालने के लिए स्वेटर को निचोड़ने या झटकने से बचें, इससे कपड़ा खराब हो सकता है।
समतल जगह पर सुखाएं ऊनी स्वेटर
ऊनी स्वेटर को कभी भी हैंगर पर टांगकर नहीं सुखाना चाहिए, क्योंकि इससे स्वेटर फैल सकता है। बेहतर होगा कि स्वेटर को किसी समतल जगह पर फैलाकर रखें और तेज धूप से बचाते हुए छांव में सुखाएं। इससे स्वेटर की शेप और क्वालिटी दोनों बनी रहती हैं।
Published By : Kirti Soni
पब्लिश्ड 30 January 2026 at 13:51 IST