Stomach Heatburn After Eating: कुछ भी खाते ही सीने में होती है जलन? आज ही से करें रूटीन में ये बदलाव, आप रहेंगे हेल्दी
Healthy Diet Tips To Avoid Heatburn: सीने में जलन कोई ऐसी बीमारी नहीं है जिसे ठीक न किया जा सके। अपनी जीवनशैली और खानपान में थोड़ा सा अनुशासन लाकर आप इस समस्या को हमेशा के लिए बाय-बाय कह सकते हैं।
How To Avoid Chest Heatburning After Eating: क्या आपके साथ भी ऐसा होता है कि मनपसंद खाना खाने के तुरंत बाद सीने या गले में तेज जलन होने लगती है? खट्टी डकारें आना, पेट फूलना और बेचैनी महसूस होना। आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में यह एक बेहद आम समस्या बन गई है। इसे हम अक्सर एसिडिटी या हार्टबर्न कहते हैं।
ज्यादातर लोग इस जलन को शांत करने के लिए तुरंत कोई एंटासिड या दवा खा लेते हैं, लेकिन रोज-रोज दवा खाना सेहत के लिए ठीक नहीं है। असली समस्या हमारी लाइफस्टाइल और खानपान के गलत तरीकों में छुपी है। अगर आप भी इस परेशानी से रोज जूझते हैं, तो अपनी डेली रूटीन में आज ही से ये छोटे-छोटे बदलाव करें।
सीने में जलन से बचने के लिए लाइफस्टाइल में करें ये बदलाव
खाने के तुरंत बाद लेटने की आदत बदलें
अक्सर लोग रात का भारी खाना खाने के तुरंत बाद बिस्तर पर लेट जाते हैं। ऐसा करने से पेट का एसिड वापस भोजन नली की तरफ आने लगता है, जिससे सीने में तेज जलन होती है। खाना खाने और सोने के बीच कम से कम 2 से 3 घंटे का गैप जरूर रखें। खाने के बाद 10-15 मिनट हल्की वॉक करने की आदत डालें।
एक बार में पेट भरकर न खाएं
जब हम एक ही बार में बहुत ज्यादा खाना खा लेते हैं, तो इसे पचाने के लिए पेट को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है और अधिक एसिड बनता है। दिनभर में 3 बार बहुत ज्यादा खाने के बजाय 5-6 बार थोड़ा-थोड़ा खाएं। इससे पाचन तंत्र पर एक साथ दबाव नहीं पड़ेगा।
खाना हमेशा चबा-चबाकर खाएं
जल्दबाजी में खाना निगलने से पेट में हवा भी चली जाती है और खाना ठीक से पच नहीं पाता। पाचन की प्रक्रिया हमारे मुंह से ही शुरू हो जाती है। हर निवाले को कम से कम 20-30 बार चबाएं। इससे खाना आसानी से पचेगा और एसिडिटी का खतरा कम होगा।
मसालेदार और ऑयली खाने से बनाएं दूरी
बहुत ज्यादा तीखा, तला-भुना और मसालेदार खाना सीने में जलन का सबसे बड़ा कारण है। इसके अलावा, खाली पेट चाय या कॉफी पीने से भी गैस बनती है। अपनी डाइट में सादा और घर का बना खाना शामिल करें। कैफीन, खट्टे फल जैसे संतरा, नींबू और बहुत ज्यादा टमाटर खाने से बचें, खासकर रात के वक्त अवॉयड ही करें।
पानी पीने का सही तरीका अपनाएं
हाइड्रेटेड रहना जरूरी है, लेकिन खाना खाने के ठीक बीच में या तुरंत बाद बहुत सारा पानी पी लेने से पाचन रस पतले हो जाते हैं, जिससे खाना पचने में दिक्कत होती है। खाना खाने के आधे घंटे पहले और खाना खाने के लगभग एक घंटे बाद ही पानी पिएं।
राहत पाने के लिए डाइट में शामिल करें ये चीजें
अगर आपको अक्सर जलन की शिकायत रहती है, तो कुछ नेचुरल चीजों को अपनी रूटीन का हिस्सा बनाएं।
- सौंफ का पानी: खाना खाने के बाद थोड़ी सी सौंफ चबाएं या इसका पानी पिएं। यह पेट को ठंडक पहुंचाता है।
- ठंडा दूध: सीने में जलन होने पर आधा गिलास फ्रिज में रखा ठंडा दूध घूंट-घूंट करके पिएं। इससे तुरंत आराम मिलता है।
- केला और पपीता: ये फल एसिडिटी को कम करने में मददगार होते हैं।
- नारियल पानी: यह शरीर के पीएच लेवल को बैलेंस करता है और पेट की गर्मी को शांत करता है।
सीने में जलन कोई ऐसी बीमारी नहीं है जिसे ठीक न किया जा सके। अपनी जीवनशैली और खानपान में थोड़ा सा अनुशासन लाकर आप इस समस्या को हमेशा के लिए बाय-बाय कह सकते हैं।
Disclaimer: इस आर्टिकल में बताई विधियां, तरीके और दावे अलग-अलग जानकारियों पर आधारित हैं। REPUBLIC BHARAT आर्टिकल में दी गई जानकारी के सही होने का दावा नहीं करता है। किसी भी उपचार और सुझाव को अप्लाई करने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।
Published By : Samridhi Breja
पब्लिश्ड 25 May 2026 at 20:19 IST