भारत में कैंसर टेस्टिंग के लिए 'प्रोजेक्ट आशा' का नेतृत्व करेंगी भारतीय-अमेरिकी चिकित्सक

USA: पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने ‘अमेरिका-भारत कैंसर वार्ता’ की घोषणा की थी जिसका उद्देश्य कैंसर की रोकथाम करना, शुरुआती चरण में इसका पता लगाना और उचित इलाज मुहैया कराने की दिशा में कदम उठाना है।

कैंसर | Image: pexels

America: भारतीय-अमेरिकी चिकित्सक डॉ. गीतिका श्रीवास्तव ‘व्हाइट हाउस कैंसर मूनशॉट प्रोग्राम’ के सहयोग से शुरू की गई अमेरिका के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की उस पहल का नेतृत्व कर रही हैं, जिससे भारत में कैंसर से संबंधित क्लिनिकल परीक्षणों तक पहुंच को उल्लेखनीय रूप से बढ़ाने में मदद मिलेगी।

वैश्विक आबादी में करीब 20 प्रतिशत लोग भारतीय हैं। इसके बावजूद कैंसर के संबंध में वैश्विक स्तर पर किए जाने वाले परीक्षणों में से केवल 1.5 प्रतिशत परीक्षण ही भारत में किए जाते हैं। ‘प्रोजेक्ट आशा’ के जरिए इस असामनता को दूर किया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले साल जून में अमेरिका का दौरा किया था। उसी दौरान उन्होंने और अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने भारत में कैंसर के बढ़ते मामलों के बोझ को कम करने के लिए उचित कदम उठाने को लेकर प्रतिबद्धता जताई थी।

दोनों नेताओं ने ‘अमेरिका-भारत कैंसर वार्ता’ की घोषणा की थी जिसका उद्देश्य कैंसर की रोकथाम करना, शुरुआती चरण में इसका पता लगाना और उचित इलाज मुहैया कराने की दिशा में कदम उठाना है।

एफडीए की ‘ऑनकोलॉजी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ (ओसीई) ने इस परियोजना के लिए भारतीय-अमेरिकी चिकित्सक डॉ. गीतिका श्रीवास्तव को चुना है।

डॉ. श्रीवास्तव एफडीए के कैंसर रोग विभाग-तीन में कार्यरत हैं और कैंसर रोग के उपचार में विशेषज्ञ हैं।

‘प्रोजेक्ट आशा’ के तहत भारत में कैंसर से संबंधित क्लिनिकल परीक्षणों के वर्तमान परिदृश्य को जानने, हितधारकों के साथ बातचीत करने एवं नियामक संबंधी चुनौतियों के निपटने के लिये उचित कदम उठाए जाएंगे और परीक्षण में आने वाली बाधाओं को इंगित किया जाएगा।

Disclaimer: इस आर्टिकल में बताई विधियां, तरीके और दावे अलग-अलग जानकारियों पर आधारित हैं।  REPUBLIC BHARAT आर्टिकल में दी गई जानकारी के सही होने का दावा नहीं करता है। किसी भी उपचार और सुझाव को अप्लाई करने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।

Published By : Sakshi Bansal

पब्लिश्ड 22 April 2024 at 09:55 IST