अपडेटेड 23 May 2024 at 16:23 IST
Prickly Heat: तपती गर्मी से हो गई हैं घमौरियां? अपनाएं ये घरेलू उपाय, झट से मिलेगा आराम
गर्मियों के दिनों में कई सारी स्किन से जुड़ी समस्याएं होती है, जिनमें से एक घमौरी भी है। ऐसे में इससे छुटकारा पाने के लिए कुछ घरेलू उपायों का इस्तेमाल कर सकते ह
Ghamori Ke Gharelu Upay: गर्मियों के दिनों में स्किन से जुड़ी कई सारी परेशानियों का सामना लोगों को करना पड़ता है। वहीं जैसे-जैसे गर्मी और सूरज की तपिश बढ़ती जाती है वैसे ही लोग घमौरियों का शिकार भी होने लगते हैं। इसमें शरीर में छोटे-छोटे लाल दाने हो जाते हैं, जिसमें काफी खुजली और जलन होती है। कई बार तो इसमें खून भी आने लगता है। ऐसे में इसके लिए आप कुछ घरेलू उपायों का सहारा ले सकते हैं, जो इस समस्या में झट से राहत दिलाने का काम करता है।
दरअसल, चुभती घमौरियां और बहसा पसीना बहुत ही तकलीफ देता है। इसकी चुभन और तकलीफ से बचने के लिए कई बार लोग इन पर मार्केट में मिलने वाले केमिकल युक्त पाउडर का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इनका कुछ खास फर्क दिखाई नहीं देता है। कई बार तो इन चीजों के उपयोग से तकलीफ और भी ज्यादा बढ़ जाती है। ऐसे में आप कुछ घरेलू उपायों का प्रयोग करके घमौरियों की तकलीफ से आराम पा सकते हैं।
क्या होती है घमौरी?
गर्मियों के सीजन में होने वाली घमौरी एक ऐसी समस्या है, जिसमें त्वचा के कुछ हिस्सों में कंटीला महसूस होता है और इसमें खुजली और जलन भी होती है। घमौरियों में शरीर पर छोटे-छोटे लाल दाने या उभार हो जाते हैं। आमतौर पर यह शरीर के उन हिस्सों में होते हैं, जो कपड़ों से ढ़के रहते हैं। हालांकि जब स्किन को ठंडक मिलती है, तो यह ठीक हो जाते हैं।
घमौरियों से छुटकारा पाने के लिए अपनाएं ये घरेलू उपाय
कच्चा आम
कच्चा आम गर्मियों में न सिर्फ सेहत के लिए अच्छा होता है बल्कि यह घमौरियों से राहत दिलाने के भी बहुत काम आता है। इसके लिए आपको कच्चे आम को भून लेना है और फिर ठंडा होने पर इसका पल्प निकालकर फ्रिज में रख दें। जब यह ठंडा हो जाए तो घमौरियों पर इसका लेप लगाएं।
खीरा
गर्मियों के सीजन में खीरा सेहत के लिए से बहुत ही अच्छा माना जाता है। वहीं इसकी मदद से आप घमौरियों की समस्या में भी झट से आराम पा सकते हैं। इसके लिए आपको एक गिलास पानी में नींबू का रस और छोटे-छोटे टुकड़े खीरे के काटकर डालें। फिर इन टुकड़ो को घमौरियों पर धीरे-धीरे रगड़ें और उसे उसी पर लगाकर छोड़ दें। ऐसा करने से भी घमौरियों से राहत मिल सकती है।
नारियल तेल
घमौरियों से छुटकारा पाने के लिए आप नारियल तेल का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए थोड़े से नारियल के तेल में कपूर मिलाएं और इसे पूरे शरीर पर मालिश करें। इससे घमौरियों से राहत मिलती है।
नीम
घमौरियों से राहत पाने के लिए आप नीम की पत्तियों को एक लीटर पानी में उबाल लें और इस पानी से रोज नहाएं तो इससे घमौरियां दूर हो सकती हैं।
तुलसी
घमौरियों में तुलसी की पत्तियां भी बहुत ही असरदार साबित होती है। इसके लिए तुलसी की कड़ी को पीसकर इसका चूर्ण बा लें और फिर घमौरियों पर लेप बनाकर या पाउडर के रूप में लगाएं। ऐसा करने पर इस समस्या में आराम मिलेगा।
मुल्तानी मिट्टी
दो चम्मच मुल्तानी मिट्टी में में थोड़ा सा गुलाब जल मिलाएं और प्रभावित जगह पर लगाएं। जब ये सूख जाए तो इसे धो दें। इसे आप लगातार लगाएं।
Disclaimer: इस आर्टिकल में बताई विधियां, तरीके और दावे अलग-अलग जानकारियों पर आधारित हैं। REPUBLIC BHARAT आर्टिकल में दी गई जानकारी के सही होने का दावा नहीं करता है। किसी भी उपचार और सुझाव को अप्लाई करने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।
Published By : Sadhna Mishra
पब्लिश्ड 23 May 2024 at 16:04 IST