AC की ठंडी हवा कहीं आंखों को न कर दे बीमार! ड्राई आई से बचने के लिए अभी से फॉलो करें ये टिप्स
Dry Eye Care Tips: गर्मियों में ठंड हवा खाने के लिए लोग अपने घरों में एसी का इस्तेमाल करना शुरू कर दिते हैं। लेकिन आजकल ड्राई आई की बीमारी बहुत बढ़ गई है। इससे छुटकारा पाने के लिए इन टिप्स को फॉलो कर सकते हैं।
Dry Eye Care Tips: गर्मियों में राहत देने वाला एसी अब आंखों के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है। लंबे समय तक एसी कमरे में बैठकर काम करने वाले लोगों में आंखों में सूखापन, जलन और चुभन जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इसे नॉर्मल थकान समझकर नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है। आइए जानते हैं कि इस दिक्कत से छुटकारा पाने के लिए कौन- कौन सी टिप्स अपना सकते हैं।
क्या है आंखों के सूखने की असली वजह
हमारी आंखों की सतह पर एक पतली आंसुओं की परत होती है, जो आंखों को नम और सेफ रखने में मदद करती है। एसी कमरे की नमी को कम कर देता है, जिससे यह परत जल्दी सूखने लगती है। इसके कारण आंखों में जलन, चुभन, सूखापन और कई बार धुंधलापन भी महसूस होने लगता है।
इन आदतों को कभी न करें नजरअंदाज
आंखों के विशेषज्ञ डॉ. राजत कपूर के अनुसार जब हम लंबे समय तक स्क्रीन पर काम करने से पलक झपकाने की दर लगभग 40 से 50 प्रतिशत तक कम हो जाती है। इससे आंखों की नमी जल्दी खत्म होने लगती है। इसके अलावा एसी की ठंडी और सूखी हवा सीधे आंखों पर पड़ने से नमी तेजी से उड़ जाती है, जिससे जलन और बढ़ जाती है। शरीर में पानी की कमी और बंद कमरे में कम वेंटिलेशन भी इस समस्या को और गंभीर बना देता है।
बचाव के आसान उपाय
- इस समस्या से बचने के लिए एसी का टेंपरेचर नॉर्मल रखना जरूरी होता है।
- इसके साथ ही हवा को सीधे चेहरे पर आने से रोकना चाहिए।
- 20-20-20 नियम अपनाना फायदेमंद होता है, जिसमें हर 20 मिनट बाद 20 सेकंड के लिए 20 मीटर दूर की किसी वस्तु को देखना चाहिए।
- लगातार बार-बार पलक झपकाते रहना चाहिए।
- दिन में पर्याप्त पानी पीना चाहिए ताकि शरीर में पानी की कमी न हो पाए।
- जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से आंखों के लिए लुब्रिकेटिंग ड्रॉप्स का इस्तेमाल करना चाहिए।
कब लें डॉक्टर की सलाह
अगर आंखों में लगातार जलन, लालिमा या सूखापन बना रहे, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यह ड्राई आई की समस्या हो सकती है, जिसके लिए समय पर इलाज जरूरी है। एसी भले ही गर्मी से राहत देता हो, लेकिन यह आंखों की नेचुरल नमी को कम कर सकता है। ऐसे में सही आदतें और अपनी लाइफस्टाइल पे ध्यान देना बेहद जरूरी होता है।
Published By : Kirti Soni
पब्लिश्ड 18 April 2026 at 13:26 IST