Contact Lens Safety: क्या आप रोजाना पहनते हैं आंखों में कांटेक्ट लेंस? जान लें कितनी देर तक है इसे लगाना सुरक्षित

Eye Care Tips: कांटेक्ट लेंस पहनना बिल्कुल सुरक्षित है, बशर्ते आप इसके नियमों का सही से पालन करें। अपनी आंखों को आराम दें, साफ-सफाई का ध्यान रखें और तय समय से ज्यादा इन्हें न पहनें।

Contact Lenses | Image: Freepik

How Long Can You Wear Contact Lenses: चश्मे के झंझट से बचने और अपने लुक को बेहतर बनाने के लिए आजकल कांटेक्ट लेंस का इस्तेमाल काफी आम हो गया है। ऑफिस जाना हो, कोई पार्टी हो या फिर कॉलेज, बहुत से लोग रोजाना अपनी आंखों में लेंस लगाना पसंद करते हैं।

यह सुविधाजनक तो है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इन्हें दिन भर या लगातार कई घंटों तक पहने रहना आपकी आंखों के लिए कितना सुरक्षित है? तो चलिए जानते हैं कि कांटेक्ट लेंस पहनने का सही तरीका और सुरक्षित समय क्या है।

लेंस को कितनी देर तक पहनना सुरक्षित है?

आंखों के एक्सपर्ट के अनुसार, कांटेक्ट लेंस पहनने की एक तय समय सीमा होती है। आपको एक दिन में अधिकतम 8 से 10 घंटे तक ही कांटेक्ट लेंस पहनने चाहिए। कुछ विशेष प्रकार के लेंस जैसे सिलिकॉन हाइड्रोजेल को 12 से 14 घंटे तक पहना जा सकता है, लेकिन यह आपके डॉक्टर की सलाह पर निर्भर करता है।
हमारी आंखों की पुतली को स्वस्थ रहने के लिए हवा से सीधे ऑक्सीजन की जरूरत होती है। जब हम लंबे समय तक लेंस पहनते हैं, तो आंखों तक ऑक्सीजन ठीक से नहीं पहुंच पाती, जिससे आंखें सूखी और लाल होने लगती हैं।

क्या लेंस पहनकर सोना सही है?

यह सबसे बड़ी गलतियों में से एक है जो लोग अक्सर करते हैं। सोते समय हमारी आंखें बंद होती हैं, और अगर अंदर लेंस लगा हो, तो आंखों को ऑक्सीजन बिल्कुल नहीं मिल पाती। इससे आंखों में इंफेक्शन का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। गंभीर मामलों में, इससे कॉर्नियल अल्सर यानी आंखों की पुतली पर घाव भी हो सकता है, जिससे आंखों की रोशनी जाने का खतरा रहता है। अगर आपको झपकी भी लेनी है, तो पहले अपने लेंस उतार लें।

किन बातों का रखना होगा खास ख्याल?

अगर आप नियमित रूप से लेंस पहनते हैं, तो अपनी आंखों की सुरक्षा के लिए इन बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।

  • हाथों की सफाई: लेंस को छूने, निकालने या लगाने से पहले अपने हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोकर सुखा लें।
  • सही सॉल्यूशन का इस्तेमाल: लेंस को साफ करने और स्टोर करने के लिए हमेशा अच्छी क्वालिटी के लेंस सॉल्यूशन का ही इस्तेमाल करें। कभी भी पानी या थूक से लेंस को साफ न करें।
  • पानी से दूरी: नहाते समय, स्विमिंग पूल में तैरते समय या बारिश में भीगते समय कभी भी कांटेक्ट लेंस न पहनें। पानी में मौजूद बैक्टीरिया लेंस पर चिपक कर आंखों में गंभीर इंफेक्शन कर सकते हैं।
  • मेकअप का सही तरीका: हमेशा पहले लेंस पहनें, और उसके बाद आंखों का मेकअप करें। इसी तरह, मेकअप हटाने से पहले हमेशा लेंस को निकाल लें।
  • लेंस की एक्सपायरी डेट: हर लेंस की एक लाइफ होती है। एक्सपायरी डेट के बाद कभी भी पुराने लेंस का इस्तेमाल न करें।

डॉक्टर के पास कब जाएं?

अगर आपको लेंस पहनने के बाद आंखों में लगातार दर्द या चुभन हो रही है या आंखें बहुत ज्यादा लाल हो गई है, तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें।  इसके अलावा अगर आपको धुंधला दिखाई देने लगा है या आंखों से लगातार पानी आना या कीचड़ आ रहा है, तो डॉक्टर के पास जरूर जाना चाहिए। अगर आपकी आंखों में रोशनी चुभ रही है, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

कांटेक्ट लेंस पहनना बिल्कुल सुरक्षित है, बशर्ते आप इसके नियमों का सही से पालन करें। अपनी आंखों को आराम दें, साफ-सफाई का ध्यान रखें और तय समय से ज्यादा इन्हें न पहनें। 

 

यह जरूर पढ़ें: Lauki Ka Juice: किन लोगों को नहीं पीना चाहिए लौकी का जूस? फायदे की जगह हो सकता है नुकसान; जानें सेवन का सही तरीका

Disclaimer: इस आर्टिकल में बताई विधियां, तरीके और दावे अलग-अलग जानकारियों पर आधारित हैं।  REPUBLIC BHARAT आर्टिकल में दी गई जानकारी के सही होने का दावा नहीं करता है। किसी भी उपचार और सुझाव को अप्लाई करने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।

Published By : Samridhi Breja

पब्लिश्ड 13 June 2026 at 21:19 IST