अपडेटेड 2 October 2023 at 20:53 IST
Burning Stomach: तीखा खाने के हैं शौकीन, लेकिन पेट में होने लगती है जलन, तो राहत पाने के लिए अपनाएं ये उपाय
अक्सर लोगों को तीखा खाने के बाद पेट में जलन की शिकायत होने लगती है। ऐसे में आप कुछ घरेलू उपायों को अपना सकते हैं।
Home Remedies For Burning Stomach: क्या आप तीखा और मसालेदार खाना खाने के शौकीन हैं? लेकिन मिर्च वाला खाने से पेट में होने वाली परेशानियों के डर से आप अपने इस शौक को पूरा नहीं कर पा रहे हैं, तो अब इससे घबराने की जरुरत नहीं है। ऐसा इसलिए क्योंकि तीखा खाने के बाद पेट में होने वाली समस्याओं को कुछ घरेलू उपायों से आसानी से दूर किया जा सकता है। तो चलिए जानते हैं मसालेदार खाना खाने के बाद किन उपायों से पेट की परेशानियों से बचा जा सकता है।
स्टोरी में आगे ये पढ़ें...
- तीखा खाने के बाद पेट में क्यों होती है जलन?
- पेट की परेशानियों से छुटकारा पाने के लिए क्या करें?
तीखा खाने के बाद पेट में क्यों होती है जलन?
तीखा और मसालेदार खाना खाने के पेट कुछ लोगों को पेट से जुड़ी कई तरह की परेशानियां होने लगती हैं, लेकिन अक्सर लोगों के मन में ये सवाल उठता है कि आखिर ऐसा क्यों होता है। दरअसल, इसके पीछे मसालेदार भोजन खाने के बाद पेट में अधिक मात्रा में होने वाले एसिडिटी के उत्पादन के कारण होता है। जिसकी वजह से तीखा और मसालेदार खाने से पेट में जलन होने लगती है। ऐसे में खट्टी डकार आना और पेट में दर्द और डिस्कंफर्ट होने जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं, लेकिन इन समस्याओं से कुछ घरेलू उपायों को अपनाकर छुटकारा पाया जा सकता है।
पेट की परेशानियों से छुटकारा पाने के लिए क्या करें?
पुदीने का पानी
तीखा या मसालेदार खाना खाने के बाद अगर आपको पेट में दर्द, जलन या एसिडिटी की परेशानी होती है, तो ऐसे में पुदीने का पानी आपके बहुत ही काम आ सकता है। इसके लिए आप पुदीने को पानी में डालकर सेवन कर सकते हैं। ये पेट की गर्मी शांत करने में मदद कर सकते हैं।
केला
केले में मौजूद आवश्यक गुण पाचन से जुड़ी समस्याओं को दूर करने में बहुत ही उपयोगी साबित हो सकते हैं। कब्ज या एसिडिटी की समस्या में भी केले का सेवन करना फायदेमंद माना जाता है। यह पेट में जलन पैदा करने वाले तत्वों को शांत करने में मददगार हो सकता है।
ठंडा दूध
अगर तीखा खाने के बाद आपके पेट में भी जलन होने लगती है, तो आप ऐसे में ठंडे दूध का सेवन कर सकते हैं। ठंडा दूध हाइपरएसिडिटी को कम करके पेट की जलन से राहत दिला सकता है। साथ ही ये पेट में बनने वाले एसिड को शांत करता है।
दही
पेट में होने वाले जलन को शांत करने के लिए दही का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। इसमें विटामिन-B और लैक्टिक एसिड पाया जाता है, जो पाचन की समस्याओं में आराम देने और पेट में होने वाले जलन को ठीक करने में काफी मददगार साबित हो सकता है। इसके लिए आप एक कटोरी ठंडे दही में काला नमक डालकर सेवन कर सकते हैं।
छाछ
मसालेदार खाना खाने के बाद अगर आपके पेट में भी जलन होती है तो आप खाने के बाद छाछ का सेवन जरूर करें। इससे मसालेदार खाने को आसानी से पचाने में सहायता मिलती है साथ ही पेट संबंधी कोई समस्या भी नहीं होती।
Disclaimer: इस आर्टिकल में बताई विधि, तरीके और दावे अलग-अलग जानकारी के आधार पर हैं। REPUBLIC BHARAT इस आर्टिकल में दी गई जानकारी के सही होने का दावा नहीं करता है। किसी भी उपचार और सुझाव को अप्लाई करने से पहले संबंधित डॉक्टर और एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।
Published By : Sadhna Mishra
पब्लिश्ड 2 October 2023 at 20:53 IST