अपडेटेड 11 January 2026 at 12:15 IST
Bajra Badam Halwa Recipe: बढ़ती सर्दी में स्वाद और सेहत का परफेक्ट कॉम्बो है बाजरा और बादाम से बना हलवा, नहीं लगेगी ठंड
Healthy Halwa Recipe: अगर आप ठंड में कुछ ऐसा खाना चाहते हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी अच्छा हो, तो बाजरा-बादाम का हलवा जरूर ट्राई करें। यह सर्दियों में ठंड से बचाने वाला देसी सुपरफूड है।
How To Make Bajra Badam Halwa At Home: जैसे-जैसे ठंड बढ़ती है, वैसे-वैसे कुछ गर्म और ताकत देने वाला खाना खाने का मन करता है। ऐसे में बाजरा और बादाम से बना हलवा एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है। यह न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होता है, बल्कि शरीर को गर्म रखने और ताकत देने में भी मदद करता है। बाजरा और बादाम दोनों ही सर्दियों में बेहद फायदेमंद माने जाते हैं। तो चलिए जानते हैं इसे बनाने की सबसे आसान रेसिपी-
क्यों फायदेमंद है बाजरा-बादाम का हलवा?
बाजरा शरीर को अंदर से गर्म रखता है और इम्युनिटी बढ़ाने में मदद करता है। वहीं बादाम दिमाग को तेज, शरीर को मजबूत और एनर्जी से भरपूर बनाते हैं। इन दोनों से बना हलवा खाने से ठंड का असर कम होता है और लंबे समय तक पेट भरा रहता है।
बाजरा-बादाम हलवा बनाने की सामग्री
- 1 कप बाजरे का आटा
- 10 से 12 बादाम (भिगोकर बारीक कटे हुए)
- 4 से 5 चम्मच देसी घी
- दूध
- चीनी या गुड़ स्वाद अनुसार
- आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर
- काजू-किशमिश
बाजरा-बादाम हलवा बनाने की आसान विधि
- सबसे पहले कड़ाही में घी गरम करें।
- इसमें बाजरे का आटा डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें। जब आटे से खुशबू आने लगे और रंग हल्का बदल जाए, तब समझ लें कि आटा अच्छी तरह भुन गया है।
- अब इसमें धीरे-धीरे दूध डालें और चलाते रहें, ताकि गांठ न बनें।
- इसके बाद कटे हुए बादाम डालें और अच्छी तरह मिलाएं।
- जब हलवा गाढ़ा होने लगे, तो इसमें चीनी या गुड़ और इलायची पाउडर डाल दें।
- हलवे को तब तक पकाएं, जब तक वह कड़ाही न छोड़ने लगे।
- ऊपर से काजू-किशमिश डालकर गरम-गरम परोसें।
कब और कैसे करें बादाम-बाजरा हलवे का सेवन?
बाजरा-बादाम का हलवा सर्दियों में सुबह या शाम के समय खाना सबसे ज्यादा फायदेमंद होता है। यह शरीर को तुरंत गर्मी और ऊर्जा देता है।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 11 January 2026 at 12:15 IST