अपडेटेड 22 May 2024 at 20:46 IST

Refrigerator: प्रचंड गर्मी के बीच घर का फ्रिज हो गया है खराब? करें ये काम, फ्रेश रहेगा दूध और दही

गर्मी में अगर फ्रिज खराब हो जाए, तो सबसे बड़ी चिंता खाने की चीजों के खराब होने की होती है, लेकिन अब टेंशन लेने की जरूरत नहीं है। ये टिप्स आपके काम आ सकते हैं।

अब नहीं होगी खाना खराब होने की टेंशन | Image: Freepik

Dudh Dahi Ko Kharab Hone Se Kaise Bachaye: गर्मियों के दिनों में लोगों को सबसे बड़ी चिंता खाने के चीजों के खराब होने की सताने लगती है। खासकर दूध-दही की, क्योंकि गर्मी में यह बहुत जल्दी खराब हो जाते हैं। हालांकि आज के समय में हर किसी के घर में फ्रिज की सुविधा हो गई है, जिसकी मदद से लोग गर्मियों में खाने की चीजों को खराब होने से बचा लेते हैं, लेकिन कुछ लोग ऐसे भी हैं जो अकेले रहते हैं या फिर उनके घर में फ्रिज नहीं है। वहीं कई बार या तो लाइट चली जाती है या फिर प्रचंड गर्मी के बीच फ्रिज खराब हो जाता है। ऐसे में आप कुछ टिप्स को फॉलो करके खाने की चीजों को खराब होने से बचा सकते हैं।

दरअसल, देशभर में प्रचंड गर्मी लोगों का हाल-बेहाल कर रही है। ऐसे में जिनके पास फ्रिज है उन्हें तो खाने की चीजें खराब होने की टेंशन नहीं होती, लेकिन जिनके पास रेफ्रिजरेटर की व्यवस्था नहीं है उनके लिए यह बहुत बड़ी समस्या है। ऐसे में आप कुछ आसान से टिप्स को फॉलो करके खाने की चीजों खासकर दूध-दही को खराब होने से बचा सकते हैं। तो चलिए उन हैक्स के बारे में जानते हैं।

बिना फ्रिज के गर्मियों में दूध फटने से कैसे बचाएं?

भीषण गर्मी के बीच अगर आप के पास फ्रिज नहीं है और आप दूध को फटने से बचाना चाहते हैं, तो इसके लिए सबसे पहले धीमीं आंच पर दूध को करीब 10 मिनट तक उबालना है। इसके बाद इसमें बहुत ही कम मात्रा में बेकिंग सोडा मिलाना है। फिर दूध को आधा ढ़ककर रख दें। ऐसा करने पर दूध खराब नहीं होगा।

इसके अलावा आप जब भी दूध गर्म करें तो बर्तन में दूध डालने से पहले एक या दो चम्मच पानी डाल दें। यह दूध को नीचे से चिपकने से रोकेगा और क्रीम को अच्छे से जमने में मदद करेगा। ध्यान रखें की दूध उबलने के बाद कभी भी इसे पूरा न ढके। ऐसा करने पर भी दूध फटने से बच सकता है।

दही को खराब होने से कैसे बचाएं?

कई बार गर्मी की वजह से कुछ ही घंटों में ताजी दही भी इनती खट्टी हो जाती है कि इसे खाना मुश्किल हो जाता है, वहीं स्वाद भी बदल जाता है। ऐसे में इसे खराब होने से बचाने के लिए दही को पैकेट से निकाल कर एक कटोरी में रख लें। फिर एक बर्तन में पानी लेकर दही वाली कटोरी उसके ऊपर रख दें। ऐसे में आपका दही 24 घंटे तक बिना फ्रिज के भी खट्टा नहीं होगा और ना ही खराब होगा। ध्यान रहे कि आपको दही को आधा ही ढ़कना है।

बिना फ्रिज के पानी को कैसे करें ठंडा?

गर्मी के दिनों में खाना मिले न मिले, लेकिन अगर ठंडा-ठंडा पानी मिल जाए तो आत्मा तृप्त हो जाती है। हालांकि जिनके पास फ्रिज नहीं है और उन्हें ठंडा पानी नहीं मिलता है, तो आपको अपने लिए मटका खरीदना चाहिए। मटके का पानी ठंडा होने के साथ ही सेहत के लिए काफी फायदेमंद होता है। इसका इस्तेमाल करके आप रोजाना ठंडा पानी पी सकते हैं। मटके में एक बार पानी भरने के बाद यह लंबे समय तक ठंडा रहता है।

यह भी पढ़ें… टॉयलेट में घंटों बैठे रहते हैं आप फिर भी पेट नहीं होता साफ? दही के साथ खाएं ये चीजें, मिलेगा आराम

Disclaimer: इस आर्टिकल में बताई विधियां, तरीके और दावे अलग-अलग जानकारियों पर आधारित हैं।  REPUBLIC BHARAT आर्टिकल में दी गई जानकारी के सही होने का दावा नहीं करता है। किसी भी उपचार और सुझाव को अप्लाई करने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।

Published By : Sadhna Mishra

पब्लिश्ड 22 May 2024 at 20:05 IST