अपडेटेड 4 February 2026 at 15:08 IST
Brinjal Dishes: भारत में अलग-अलग तरह से बनती है बैंगन की डिश, जानें 7 रेसिपी जो आप बार-बार बनाएंगे
भारत के अलग-अलग में 7 तरह से बनाई जाती है बैंगन की डिशें, बैंगन के भरते से लेकर भरवां और फ्राई तक। स्वादिष्ट रेसिपी के बारे में जानें।
Baingan recipes: भारतीय खाने में बैंगन एक ऐसी सब्जी है जो हर राज्य में अपने अलग रंग-रूप और अलग स्वाद में बनाई जाती है। छोटे-बड़े, भुने हुए, भरे हुए और फ्राई, बैंगन की हर डिश में एक खास देसी जायका छुपा होता है। यहां हम आपको देश के अलग-अलग हिस्सों से आईं 7 ऐसी लाजवाब बैंगन की डिशों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो घर -घर में पसंद की जाती हैं। ये व्यंजन न सिर्फ स्वाद में कमाल के हैं, बल्कि इनमें स्थानीय मसालों और परंपराओं की झलक भी साफ देखने को मिलती है।
1. बैंगन का भरता: उत्तर भारत की सिग्नेचर डिश 'बैंगन भरता' पूरे उत्तर भारत में सबसे ज्यादा मशहूर है। बड़े बैंगन को आंच पर अच्छे से भूना जाता है, जिससे उसमें वो खास स्मोकी स्वाद आ जाता है। फिर छिलका उतारकर गूदे को मैश किया जाता है और प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन के साथ सरसों के तेल में पकाया जाता है। गर्म-गर्म रोटी, पराठे या बाजरे की रोटी के साथ इसका स्वाद लाजवाब लगता है।
2. भरवां बैंगन: ये महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश का फेवरेट है, इसमें छोटे बैंगनों को बीच से काटकर मसालेदार मिश्रण से भरा जाता है। महाराष्ट्र स्टाइल में मूंगफली, नारियल, तिल, धनिया-जीरा का पेस्ट इस्तेमाल होता है। उत्तर प्रदेश में गर्म मसाले और सूखे मसाले ज्यादा डाले जाते हैं। इन्हें हल्का तला जाता है या फिर प्याज-टमाटर की ग्रेवी में पकाया जाता है। हर टुकड़ा मुंह में स्वाद का धमाका कर देता है, ये खाने में बहुत ही स्वाद लगता है।
3. वनकाया पुलुसु: आंध्र प्रदेश की खट्टी स्पेशलिटी इसमें जोड़ दी जाती है, आंध्र प्रदेश में छोटे बैंगन को इमली के गूदे, गुड़, सरसों के बीज, करी पत्ता और लाल मिर्च पाउडर के साथ पकाया जाता है। इसमें मीठा, खट्टा और तीखा तीनों स्वादों का शानदार बैलेंस होता है। सादे उबले चावल के साथ इसे खाने का मजा ही अलग है।
4. एन्नेगायी: ये उत्तरी कर्नाटक की पारंपरिक डिश है, भरवां बैंगन की ये एक खास वैरायटी है। छोटे बैंगनों को भुनी मूंगफली, तिल, नारियल और खास मसालों के पेस्ट से भरकर तेल में अच्छे से पकाया जाता है। इसका गहरा नटी स्वाद और मुलायम टेक्सचर ज्वार की रोटी के साथ बहुत अच्छा लगता है। यह डिश पौष्टिक होने के साथ-साथ पूरी तरह देसी स्वाद से भरी हुई है।
5. गुत्थी वनकाया कुरा: तेलुगु क्षेत्र की ये त्योहारी डिश है। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के तेलुगु घरों में यह बहुत पसंद की जाती है। बैंगन को भुनी चना दाल, लाल मिर्च, इमली और बाकी मसालों से भरकर धीमी आंच पर पकाया जाता है, ताकि मसाले गूदे में अच्छे से समा जाएं। त्योहारों और खास मौकों पर अक्सर बनती है। इसका स्वाद गहरा और बिल्कुल अलग होता है।
6. बैंगन रायता: ठंडक देने वाली साइड डिशयह एक हल्की और ताजा डिश है। बैंगन को भूनकर मैश किया जाता है, फिर दही, जीरा पाउडर और हरी मिर्च के साथ मिलाया जाता है। दही की ठंडक बैंगन के स्मोकी स्वाद को बैलेंस करती है। बिरयानी, पुलाव या किसी भी मसालेदार करी के साथ यह परफेक्ट साइड डिश बन जाती है।
7. बैंगन फ्राई: ये केरल स्टाइल क्रिस्पी डिश में से एक है। केरल में बैंगन के टुकड़ों को हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और नमक से मैरिनेट करके क्रिस्पी होने तक शैलो-फ्राई किया जाता है। कई बार क्रिस्पीनेस बढ़ाने के लिए चावल के आटे के घोल में डुबोया भी जाता है। चावल और सांभर के साथ परोसा जाने वाला यह व्यंजन टेक्सचर और स्वाद दोनों में कमाल का होता है। भारतीय रसोई में बैंगन की ये विविधताएं दिखाती हैं कि एक ही सब्जी को अलग-अलग तरीके से कैसे स्वादिष्ट बनाया जा सकता है।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 4 February 2026 at 15:08 IST