अपडेटेड 25 July 2025 at 23:35 IST
Monsoon Acne: बारिश के मौसम में चेहरे पर बार-बार आते हैं दाने? जानें कैसे बचें और पाएं ग्लोइंग स्किन
बारिश के मौसम में चेहरे पर दाने निकलने की समस्या आम है। जानें कि मानसून एक्ने क्यों होता है और इसे कैसे ठीक किया जा सकता है।
Monsoon Skin Issues: बारिश का मौसम कितना भी रोमांटिक क्यों न हो, आपकी स्किन का दोस्त नहीं है। इस मौसम में स्किन एकदम चिपचिपी हो जाती है और दाने निकलने लगते हैं। इसे मॉनसून एक्ने कहते हैं। बारिश के मौसम में हवा में नमी बढ़ जाती है। इससे सेबेशियस ग्लैंड यानी स्किन में तेल बनाने वाली ग्रंथियां ज्यादा तेल बनाती हैं। ये तेल स्किन की सतह पर मौजूद छोटे-छोटे छेदों, यानी पोर्स में जमा हो जाता है। इससे वहां बैक्टीरिया पनपने लगते हैं और मुंहासे निकल आते हैं।
इस मौसम में उमस की वजह से पसीना भी खूब आता है। ऐसे में अगर मुंह अच्छे से न धोया जाए, तो स्किन पर मौजूद बैक्टीरिया, तेल और गंदगी के साथ मिलकर पोर्स बंद कर देते हैं। इससे मुंहासे हो सकते हैं। मानसून एक्ने की एक वजह और है, तली-भुनी चीजें खाना। बारिश में लोग खूब तली-भुनी, मसालेदार चीजें खाते हैं। ये मसालेदार खाना तीखा होता है और शरीर में गर्मी पैदा करता है। इससे स्किन में मौजूद तेल बनाने वाली ग्रंथियां ज्यादा तेल बनाती हैं और एक्ने की दिक्कत होती है।
एक्ने से बचने के तरीके
एक्ने से बचने के लिए चटपटा खाना थोड़ा कम करें। हेल्दी खाएं। दिन में दो बार फेसवॉश से मुंह धोएं। सुबह और रात में सोने से पहले। कहीं बाहर से आए हैं, तो चेहरा पानी से जरूर धोएं। इससे गंदगी और तेल से पोर्स बंद नहीं होंगे। इस मौसम में मॉइश्चराइजर लगाना छोड़ना नहीं चाहिए। आप ऑयल-बेस्ड मॉइश्चराइजर के बजाय वॉटर-बेस्ड मॉइश्चराइजर लगा सकते हैं। इससे स्किन चिपचिपी नहीं होगी।
अपने मुंहासों को नोचें नहीं। वरना स्किन पर गहरे निशान पड़ सकते हैं। एक्ने के लिए आप विटामिन A की क्रीम लगा सकते हैं। जैसे एडापलीन या रेटिनॉल। सैलिसिलिक एसिड और मैंडेलिक एसिड भी एक्ने पर बहुत असरदार हैं। लेकिन बिना डॉक्टर की सलाह के दानों पर कुछ भी नहीं लगाना चाहिए।
एक्ने का इलाज
एक्ने से निपटने के लिए केमिकल पील, लेजर या कॉमेडोन एक्सट्रैक्शन किया जाता है। केमिकल पील में स्किन पर कुछ खास केमिकल लगाकर डेड स्किन हटाई जाती है। इससे एक्ने कम होता है। लेजर थेरेपी में लेजर की मदद से एक्ने का इलाज होता है। वहीं, कॉमेडोन एक्सट्रैक्शन में एक खास टूल से स्किन के पोर्स को साफ किया जाता है। अगर आपको एक्ने की समस्या है, जो बारिश के मौसम में और ज्यादा बढ़ गई है तो डॉक्टर से जरूर मिलें। डॉक्टर आपको लगाने वाली क्रीम और दवाएं दे सकते हैं जो आपकी स्किन को ठीक करने में मदद करेंगी।
(यह जानकारी सामान्य जानकारी पर आधारित है, R भारत इसकी पुष्टि नहीं करता है।)
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 25 July 2025 at 23:35 IST