Chemical Mango identify: बाजार से आम खरीदने से पहले हो जाएं सावधान,असली और केमिकल वाले आम की पहचान करने के ये आसान तरीके आजमाएं
Chemical Mango identify: आजकल बाजार में आमों की बहार है, लेकिन स्वाद के साथ-साथ सेहत का ख्याल रखना भी जरूरी है। कई व्यापारी आमों को कैल्शियम कार्बाइड जैसे खतरनाक रसायनों से पकाते हैं, जो कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं। अगर आप भी आम खरीदते हैं तो आपको यह जानना बेहद जरूरी है कि आम असली है या फिर कैमिकल वाला है। आइए जानते हैं।
Chemical Mango identify: गर्मियों का मौसम आते ही बाजारों में आम आने शुरू हो जाते हैं। दशहरी, लंगड़ा, चौंसा और हापुस जैसे नामों को सुनकर ही मुंह में पानी आ जाता है। लेकिन, क्या आप जानते हैं कि आपकी थाली तक पहुंचने वाला यह रसीला आम आपकी सेहत के लिए 'मीठा जहर' भी हो सकता है?
आपको बता दें, मुनाफे के चक्कर में कई व्यापारी आमों को प्राकृतिक रूप से पकाने के बजाय कैल्शियम कार्बाइड जैसे खतरनाक केमिकल्स का इस्तेमाल करते हैं। ये केमिकल न केवल कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं, बल्कि पेट की समस्याओं और त्वचा रोगों को भी जन्म देते हैं। ऐसे में यह जानना बेहद जरूरी है कि असली और केमिकल से पके आम के बीच फर्क कैसे किया जाए। आइए जानते हैं।
रंग पर दें विशेष ध्यान
असली और नकली आम की पहचान करने का सबसे आसान तरीका उसका रंग है। जो आम रसायनों से पकाए जाते हैं, वे पूरी तरह से चटख पीले नजर आते हैं। उनमें कहीं भी हरापन या प्राकृतिक धब्बा नहीं होता है।
वहीं जो असली आम होता है , वह कभी भी पूरी तरह एक जैसा पीला नहीं होता है। उसमें कहीं-कहीं हल्का हरा रंग या भूरे रंग के धब्बे दिखाई देते हैं।
पानी के टेस्ट से लगाएं पता
एक बाल्टी में पानी भरें और आमों को उसमें डाल दें। यदि आम पानी में पूरी तरह डूब जाता है, तो समझ लीजिए कि वह प्राकृतिक रूप से पका है और उसमें भरपूर रस व मिठास है। यदि आम पानी की सतह पर तैरने लगे, तो वह केमिकल से पका हुआ है। रसायनों के कारण आम के अंदर हवा और गैस बन जाती है।
आम को दबाकर करें टेस्ट
असली पका हुआ आम हर तरफ से समान रूप से नरम होता है। केमिकल से पका आम कहीं से बहुत ज्यादा नरम होगा तो कहीं से पत्थर जैसा सख्त। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि केमिकल का असर पूरे फल पर एक समान नहीं होता।
खुशबू से पहचाने की आम असली या कैमिकल वाला
यदि आम के पास जाने पर आपको एक मीठी और फल की प्राकृतिक सुगंध आती है, तो वह सुरक्षित है। कार्बाइड से पके आम से या तो बिल्कुल भी खुशबू नहीं आती, या फिर उससे अजीब सी तीखी खुशबू आती है।
काटने के बाद का रंग
अंदर से गूदा पूरी तरह से गहरा पीला या केसरिया होता है। यह असली आम में होता है। वहीं नकली आम ऊपर से पीला दिखता है, लेकिन अंदर से सफेद या हल्का पीला निकलता है।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 15 April 2026 at 10:04 IST