अपडेटेड 6 February 2026 at 13:12 IST
Baingan Matar Sabji Recipe: बैंगन मटर की सब्जी, रोटी और चावल संग ऐड करती है स्वाद का तड़का, मिनटों में तैयार करें ये देसी रेसिपी
Baingan Matar Sabji Recipe: सर्दियों में बैंगन और मटर की सब्जी रोटी और चावल के साथ काफी पसंद की जाती है। आइए आपको बताते हैं इसे बनाने की रेसिपी।
Baingan Matar Sabji Recipe: सर्दियों के मौसम में अगर आप लंच या डिनर में कुछ देसी, चटपटा और स्वाद से भरपूर खाना चाहते हैं तो बैंगन मटर की सब्जी एक बेहतरीन ऑप्शन है। इस मौसम में ताजे हरे मटर और नरम बैंगन आते हैं, इन दोनों चीजों को मिलाकर सब्जी काफी स्वादिष्ट बनती है। गरमा- गरम रोटी या चावल के साथ यह सब्जी पूरे परिवार को पसंद आती है। बैंगन से बनने वाली कई डिशेज आपने पहले ट्राई की होंगी, लेकिन बैंगन मटर की सब्जी का स्वाद थोड़ा अलग और खास होता है। इसमें सरसों के पेस्ट और देसी मसालों का इस्तेमाल इसे हल्का तीखा और बेहद चटपटा बना देता है।
बैंगन मटर की सब्जी के लिए जरूरी सामग्री
इस सब्जी को बनाने के लिए दो बैंगन, एक कप हरे मटर, बारीक कटा हुआ प्याज, टमाटर, अदरक लहसुन का पेस्ट, जीरा, मेथी दाना, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला, नमक, तेल, सरसों का पेस्ट और बारीक कटी धनिया पत्ती की जरूरत होती है। सभी सामग्री आसानी से घर पर मिल जाती हैं।
बैंगन मटर की सब्जी बनाने का आसान तरीका
- सबसे पहले बैंगन को छोटे टुकड़ों में काटकर पानी में डाल दें ताकि उनका रंग काला न पड़े। अब कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें जीरा और मेथी दाना डालें। जीरा चटकने लगे तो प्याज डालकर सुनहरा होने तक भून लें। इसके बाद अदरक लहसुन का पेस्ट डालकर अच्छी तरह भूनें।
- अब टमाटर का पेस्ट डालें और उसमें हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, सरसों का पेस्ट और जीरा पाउडर मिलाकर मसालों को अच्छे से पका लें। जब मसाले तेल छोड़ने लगें तो उसमें कटे हुए बैंगन और मटर डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। कड़ाही को ढककर मीडियम आंच पर सब्जी पकाएं और बीच- बीच में चलाते रहें।

- जब बैंगन थोड़ा सॉफ्ट हो जाएं तो जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालें और फिर से ढककर पकाएं। आखिरी में गरम मसाला डालें और दो मिनट तक पकाने के बाद गैस बंद कर दें। ऊपर से बारीक कटी धनिया पत्ती डालकर सब्जी को सजाएं। बैंगन मटर की सब्जी को गरमा गरम रोटी, पराठा या सादे चावल के साथ परोसें।
Published By : Kirti Soni
पब्लिश्ड 6 February 2026 at 13:12 IST