15 अगस्त को त्रिपोलिया गेट से निकलेगी तीज माता की शाही सवारी, 175 लोक कलाकारों के साथ दिखेगा पूरा राजस्थान का लोक वैभव

प्रदेशभर से करीब 175 लोक कलाकार कच्ची घोड़ी, गैर, कालबेलिया, चरी-घूमर, चंग-ढप, मांगणियार गायन, भपंग, रावणहत्था, कठपुतली और बहुरूपिया जैसी लोक विधाओं के साथ शाही लवाजमे का हिस्सा बनेंगे।

 
Follow :
15 अगस्त को त्रिपोलिया गेट से निकलेगी तीज माता की शाही सवारी | Image: X

महल-अटारियों और झरोखों-द्वारों से आगामी शनिवार को जयपुर शहर तीज माता की जय-जयकार करेगा। गुलाबी नगरी की ऐतिहासिक गलियों में जब 15 अगस्त को शाम 5:35 बजे त्रिपोलिया गेट से तीज माता की शाही सवारी निकलेगी तो पूरा जयपुर तीज माता की सवारी का लाइव प्रसारण भी देखेगा। छोटी चौपड़ सहित जयपुर शहर में 13 स्थानों पर एलईडी स्क्रीन के जरिए सवारी का लाइव प्रसार प्रसारण किया जाएगा।

पर्यटन विभाग के उपनिदेशक उपेंद्रसिंह शेखावत के अनुसार अजमेरी गेट, न्यूगेट, सरावगी मेंशन, मोती डूंगरी, त्रिमूर्ती सर्किल, रामबाग सर्किल, एसएमएस स्टेडियम, महाराजा कॉलेज, बिरला मंदिर, राजस्थान यूनिवर्सिटी, राजस्थान कॉलेज, ओटीएस चौराहा व जवाहर सर्किल स्थित पत्रिका गेट पर एलईडी स्क्रीन लगाइ जाएगी जिससे जयपुर शहर की जनता जो त्रिपोलिया दरवाजे नहीं पहुंच पाएंगी वो इन स्थानों पर तीज की सवारी के लाइव दर्शन कर सकेगी।

शेखावत ने कहा कि इस बार तीज की सवारी के दौरान आस्था व शौर्य व महिला सशक्तिकरण  का भी संगम देखने को मिलेगा क्योंकि इस बार शौर्य सेवा संगठन की ओर से बालिकाओं तलवारबाजी का कौशल कला प्रदर्शन भी होगा। उन्होंने कहा कि  इस बार तीज की सवारी को केवल पारंपरिक शोभायात्रा तक सीमित न रखते हुए प्रदेश की लोक कलाओं और सांस्कृतिक विरासत को पर्यटकों के लिए एक जीवंत अनुभव बनाने की तैयारी की गई है।

प्रदेशभर से करीब 175 लोक कलाकार कच्ची घोड़ी, गैर, कालबेलिया, चरी-घूमर, चंग-ढप, मांगणियार गायन, भपंग, रावणहत्था, कठपुतली और बहुरूपिया जैसी लोक विधाओं के साथ शाही लवाजमे का हिस्सा बनेंगे।

शेखावत ने बताया कि तीज माता की सवारी सिटी पैलेस से त्रिपोलिया गेट, छोटी चौपड़, गणगौरी बाजार होते हुए तालकटोरा स्थित पौंड्रिक पार्क पहुंचेगी और कार्यक्रम के बाद पुनः सिटी पैलेस लौटेगी। सवारी के दौरान शाही लवाजमे में घोड़ों और ऊंटों की संख्या भी बढ़ाई गई है। इससे पारंपरिक तीज सवारी का दृश्य और अधिक भव्य होगा। वहीं पौंड्रिक पार्क में कला मेले का आयोजन किया जाएगा साथ ही छोटी चौपड़ पर महाआरती भी होगी।

छोटी चौपड़ बनेगी दूसरा सांस्कृतिक मंच

शाही सवारी के दौरान छोटी चौपड़ पर महाआरती होगी वहीं छोटी चौपड़ का स्वरूप  सांस्कृतिक पड़ाव के रूप में दिखेगा।  यहां जेल व आरएसी बैंड की प्रस्तुति होगी। जयपुर व्यापार महासंघ के पदाधिकारियों द्वारा तीज माता पर पुष्पवर्षा की जाएगी। वहीं तालकटोरा पर सवारी के समापन के अवसर पर लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी।

ड्रोन से होगी पुष्पवर्षा, डिजिटल दुनिया तक पहुंचेगा तीज का रंग

तीज माता की शाही सवारी को इस बार आधुनिक तकनीक से भी जोड़ा गया है। सवारी के दौरान ड्रोन के माध्यम से पुष्पवर्षा कराई जाएगी। साथ ही विभागीय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सवारी की लाइव स्ट्रीमिंग होगी। पर्यटन विभाग ने तीज को जयपुर से बाहर देशी व विदेशी दर्शकों तक पहुंचाने के लिए डिजिटल प्रचार पर भी जोर दिया है। दिल्ली से सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है, जो 15 और 16 अगस्त को जयपुर में रहकर तीज उत्सव को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए अपने फॉलोअर्स तक पहुंचाएंगे।

विदेशी पर्यटकों के लिए विशेष व्यवस्था

शेखावत के अनुसार तीज सवारी को देखने आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। हिन्द होटल के टैरेस के अलावा होटल के नीचे बरामदों के पास भी विदेशी पर्यटकों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। प्रमुख होटलों में तीज उत्सव के प्रचार सामग्री और ब्रोशर भी उपलब्ध करवाए गए हैं।
 

Published By : Sahitya Maurya

पब्लिश्ड 11 August 2026 at 22:04 IST