E20 पेट्रोल के खिलाफ केजरीवाल का बड़ा अभियान, StopE20petrol.com पर शुरू हुआ ऑनलाइन सिग्नेचर कैंपेन
केजरीवाल ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की बात सुनना सरकार की जिम्मेदारी होती है, लेकिन मोदी सरकार लोगों को कोई विकल्प देने को तैयार नहीं है। लोग पेट्रोल पंपों पर शुद्ध पेट्रोल, E10 और E20 तीनों का विकल्प चाहते हैं, ताकि अपनी जरूरत के हिसाब से ईंधन चुन सकें।
- इनिशिएटिव
- 2 min read
देशभर में E20 पेट्रोल को लेकर बढ़ती नाराजगी के बीच आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज "स्टॉप E20 पेट्रोल" ऑनलाइन सिग्नेचर अभियान शुरू किया। StopE20petrol.com के जरिए लोग प्रधानमंत्री के नाम याचिका पर हस्ताक्षर कर अपनी आवाज दर्ज करा सकते हैं।
केजरीवाल ने कहा कि सरकार बिना पूरी तैयारी के E20 पेट्रोल देश पर थोप रही है, जबकि लाखों वाहन मालिक माइलेज घटने, इंजन में खराबी और बढ़ते खर्च की शिकायत कर रहे हैं। इसके बावजूद सरकार लोगों की चिंताओं को सुनने के बजाय सब कुछ सामान्य बताने में लगी है।
केजरीवाल ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की बात सुनना सरकार की जिम्मेदारी होती है, लेकिन मोदी सरकार लोगों को कोई विकल्प देने को तैयार नहीं है। लोग पेट्रोल पंपों पर शुद्ध पेट्रोल, E10 और E20 तीनों का विकल्प चाहते हैं, ताकि अपनी जरूरत के हिसाब से ईंधन चुन सकें। लेकिन सरकार इसे भी मानने से इनकार कर रही है।
उन्होंने कहा कि E20 पेट्रोल की ऊर्जा क्षमता कम होने से माइलेज भी कम होता है, फिर भी इसकी कीमत सामान्य पेट्रोल के बराबर या उससे कम नहीं की जा रही। इससे आम और मध्यम वर्ग पर दोहरी मार पड़ रही है। एक तरफ गाड़ियों का खर्च बढ़ रहा है, दूसरी तरफ ईंधन पर भी ज्यादा पैसा देना पड़ रहा है।
पिछले कुछ दिनों में पेट्रोल पंपों और सर्विस स्टेशनों पर जाकर लोगों से बातचीत के दौरान भी बड़ी संख्या में वाहन मालिकों ने माइलेज घटने, फ्यूल पंप, इंजेक्टर और इंजन संबंधी समस्याओं की शिकायत की। कई लोगों ने बताया कि पहले के मुकाबले अब गाड़ियों की सर्विस और मरम्मत का खर्च काफी बढ़ गया है।
केजरीवाल ने कहा कि अगर सरकार को E20 लागू करना ही है तो कम से कम लोगों को शुद्ध पेट्रोल और E20 दोनों का विकल्प दिया जाए और E20 की कीमत भी कम की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की परेशानियों को नजरअंदाज कर रही है और उनकी आवाज दबाने की कोशिश कर रही है।
इसी उद्देश्य से शुरू किए गए "स्टॉप E20 पेट्रोल" अभियान में देशभर के लोगों से अपील की गई है कि वे StopE20petrol.com पर जाकर हस्ताक्षर करें और सरकार से मांग करें कि बिना तैयारी E20 पेट्रोल थोपना बंद किया जाए, लोगों को विकल्प दिया जाए और उनकी चिंताओं का सम्मान किया जाए।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 14 July 2026 at 14:58 IST