अपडेटेड 20 March 2026 at 18:33 IST

मैं पालम में पीड़ित परिवार से मिलने गया था, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने हमें मिलने से रोका, बदसलूकी की और कुर्सियां फेंकीं- केजरीवाल

पालम में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत के बाद दिल्ली की सियासत गरमा गई है। गुरुवार को जब 'आप' के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल गोवा दौरा बीच में छोड़ सीधे पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे, तो वहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा और धक्का-मुक्की की।

Follow :  
×

Share


Arvind Kejriwal | Image: Republic

दिल्ली के पालम इलाके में एक ही परिवार के 9 सदस्यों की मौत के बाद शोक का माहौल है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल गुरुवार को अपना गोवा दौरा बीच में छोड़कर सीधे एयरपोर्ट से पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। हालांकि, इस दौरान वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए हंगामे और बदसलूकी ने मानवता को शर्मसार कर दिया।

'आप' नेताओं के साथ बदसलूकी और धक्का-मुक्की

अरविंद केजरीवाल जब शोक संतप्त परिवार से मिलने पहुंचे, तो वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान जमकर नारेबाजी, धक्का-मुक्की और कुर्सियां फेंकी गईं। केजरीवाल ने इस व्यवहार पर गहरी नाराजगी जताते हुए कहा, "मैं पीड़ित परिवार का दर्द बांटने आया था, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने गुंडागर्दी की। यह अमानवीयता की पराकाष्ठा है कि 9 लोगों की जान जाने के बाद भी ये लोग राजनीति और बदसलूकी कर रहे हैं।"

सिस्टम की विफलता ने ली 9 मासूम जानें

केजरीवाल ने घटना के लिए सीधे तौर पर सरकारी लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि दमकल की गाड़ियां समय पर नहीं पहुंचीं।जब गाड़ियां आईं, तो उनकी हाइड्रोलिक लिफ्ट काम नहीं कर रही थी।घंटों तक लोग मदद के लिए पुकारते रहे, लेकिन सिस्टम की नाकामी के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका।

पीड़ित परिवार को डराया और धमकाया जा रहा है - अरविंद केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने खुलासा किया कि पीड़ित परिवार के सदस्य 'आप' के कार्यकर्ता थे और गोवा में ऑब्जर्वर के तौर पर उनके साथ काम कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि शोक में डूबे परिवार को सांत्वना देने के बजाय भाजपा के लोग उन्हें डरा-धमका रहे हैं। 'आप' ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सौरभ भारद्वाज और विनय मिश्रा पर हमला

दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा विधायक कुलदीप सोलंकी के लोगों ने उन पर कुर्सी फेंककर हमला किया। यह कुर्सी पूर्व विधायक विनय मिश्रा के सिर पर लगी, जिससे वे घायल हो गए। सौरभ भारद्वाज ने कहा, "जब पूरा इलाका गवाह है कि फायर ब्रिगेड की सीढ़ियां नहीं खुलीं, तो भाजपा विधायक झूठ क्यों बोल रहे हैं? वे अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए हिंसा का सहारा ले रहे हैं।"

'भाजपा की मानवता मर चुकी है'- मनीष सिसोदिया और आतिशी

मनीष सिसोदिया: पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की फायर सर्विस जो कभी शानदार काम करती थी, उसे भाजपा सरकार ने एक साल में ठप कर दिया है।नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने घटना को 'राक्षसी चेहरा' करार देते हुए कहा कि दिल्ली की जनता देख रही है कि कैसे एक परिवार के उजड़ने पर भी भाजपा के लोग संवेदना के बजाय उत्पाद मचा रहे हैं।

'आप' का तीखा सवाल कब चलेगा मंत्री के घर पर बुलडोजर?

आम आदमी पार्टी ने इस हादसे को 'आपराधिक लापरवाही' बताते हुए इसे हत्या करार दिया है। सोशल मीडिया पर पार्टी ने सीधे तौर पर जिम्मेदार मंत्री आशीष सूद को घेरा। 'आप' ने सवाल उठाया कि भाजपा जो अक्सर 'बुलडोजर न्याय' की बात करती है, वह अब चुप क्यों है? पार्टी ने पूछा कि 9 लोगों की मौत के जिम्मेदार मंत्री के घर पर बुलडोजर कब चलेगा?

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 20 March 2026 at 18:33 IST