उद्योग-निवेश-रोजगार के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रतिबद्ध, 18 जिलों में 21 नए औद्योगिक क्षेत्रों की अधिसूचना हुई जारी
मुख्यमंत्री मोहन डॉ. यादव के प्रयासों के तहत एमएसएमई विभाग ने 18 जिलों में 21 नए औद्योगिक क्षेत्र अधिसूचित किए हैं, जिससे निवेश, रोजगार और स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा।
- इनिशिएटिव
- 3 min read
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्यप्रदेश में उद्योग-निवेश-रोजगार बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके लिए वे दिन-रात अथक प्रयास कर रहे हैं। उनके ये प्रयास अब धरातल पर भी उतरते दिखाई दे रहे हैं। इन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अहम घोषणाएं भी की हैं। इन्हीं घोषणाओं के अनुरूप सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग ने 18 जिलों में 21 नए औद्योगिक क्षेत्र अधिसूचित करने की सूचना जारी कर दी है। भोपाल जिले में आरा मशीन कलस्टर के लिए रातीबड़ के अलावा आगरिया छापर में औद्योगिक क्षेत्र अधिसूचित किए गए हैं।
एमएसएमई विभाग के मुताबिक, मध्यप्रदेश को देश के अग्रणी औद्योगिक एवं निवेश केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रदेश के 18 जिलों में कुल 412 हेक्टेयर भूमि पर 21 नए औद्योगिक क्षेत्रों को अधिसूचित किए जाने की यह पहल प्रदेश में औद्योगिक अधोसंरचना के विस्तार तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के दूरदर्शी नेतृत्व और सतत मार्गदर्शन में एमएसएमई क्षेत्र को सशक्त बनाने, उद्यमियों को उद्योग स्थापना के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए एमएसएमई विभाग प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा उद्योग एवं निवेश को बढ़ावा देने तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए निरंतर विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।
ये हैं अधिसूचित किए गए औद्योगिक क्षेत्र
मध्यप्रदेश एमएसएमई को औद्योगिक भूमि तथा भवन आवंटन एवं प्रबंधन नियम 2025 में उल्लेखित प्रावधान अनुसार जो औद्योगिक क्षेत्र अधिसूचित किए गए हैं, उनमें जिला भोपाल में रातीबड़( आरा मशीन कलस्टर) और आगरिया छापर, पन्ना में बड़ा गांव, सीहोर में इच्छावर, देवास में कालूखेड़ी, बुरहानपुर में सातापयरी, सीधी में बाड़ीटोला, धार में रायण और सरदारपुर, रायसेन में समनापुर जागीर, शिवपुरी में बदरवास, खरगोन में डाबरिया, निवाड़ी में निवाड़ी भाटा, नीमच में सगराना, कटनी में टिकरिया, जबलपुर में मोहिनिया, बड़वानी में घटवा, मंदसौर में पानपुर, छतरपुर में धामची, निवाड़ी में बड़ेडी जंगल और बैतूल में उड़दन गुड क्लस्टर शामिल हैं।
स्थानीय संसाधनों-उद्यमियों को मिलेगा प्रोत्साहन
इन 21 नए औद्योगिक क्षेत्रों के विकास से प्रदेश के विभिन्न अंचलों में उद्यमियों को औद्योगिक इकाइयों की स्थापना एवं विस्तार के लिए विकसित भूमि उपलब्ध हो सकेगी। इससे स्थानीय संसाधनों एवं उद्यमशीलता को प्रोत्साहन मिलेगा तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होने के साथ क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। औद्योगिक अधोसंरचना का यह विस्तार प्रदेश में निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार करने तथा एमएसएमई इकाइयों की स्थापना एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही छोटे एवं नए उद्यमियों को अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
औद्योगिक विकास को मिल रही नई दिशा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव का एमएसएमई क्षेत्र के प्रति निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन एवं प्रतिबद्धता प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई दिशा प्रदान कर रही है। राज्य शासन का लक्ष्य मध्यप्रदेश को सशक्त औद्योगिक आधारभूत संरचना एवं उद्यमशीलता के माध्यम से देश के प्रमुख एमएसएमई केंद्रों में स्थापित करना है।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 14 November 2026 at 21:15 IST