मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिले उना इकोसिस्टम्स के सीईओ, भोपाल में ₹2,000 करोड़ के निवेश से सृजित होंगे 2,000 से अधिक रोजगार
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उद्योगों को आवश्यक संसाधन एवं विश्वस्तरीय अधोसंरचना उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
- इनिशिएटिव
- 2 min read
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित दो दिवसीय 'मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर समिट-2026' के पहले दिन प्रमुख उद्योगपतियों व निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकें कीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में निवेश की संभावनाओं और औद्योगिक विकास को गति देने पर विस्तृत चर्चा की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उना इकोसिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ विशाल सिंह एवं हेड-ऑपरेशंस लोकेंद्र अग्रवाल से मुलाकात कर प्रदेश में प्रस्तावित निवेश योजनाओं की समीक्षा की तथा उन्हें जनवरी 2027 में आयोजित होने वाले 'ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट' के लिए भी आमंत्रित किया।
बैठक में उना इकोसिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड ने भोपाल के इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर-2 (ईएमसी-2) में ₹2,000 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव रखा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के माध्यम से प्रदेश में 2,000 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होंगे, जिसमें 500 से अधिक प्रत्यक्ष और 1,500 से अधिक अप्रत्यक्ष रोजगार शामिल हैं।
अहमदाबाद स्थित उना इकोसिस्टम्स (जिसकी परियोजना की शुरुआत जापान से हुई थी) इलेक्ट्रिक वाहनों, सौर ऊर्जा, औद्योगिक उपकरणों और ओईएम उपयोग के लिए सुरक्षित एवं फास्ट-चार्जिंग लिथियम-आयन सेल और बैटरी समाधान तैयार करती है। वर्तमान में कंपनी की मध्यप्रदेश में उपस्थिति नहीं है। कंपनी भोपाल के ईएमसी-2 में अत्याधुनिक 'हाई-एलएमओ' तकनीक पर आधारित नेक्स्ट-जनरेशन लिथियम-आयन सेल विनिर्माण की ग्रीनफील्ड इकाई स्थापित करने जा रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उद्योगों को आवश्यक संसाधन एवं विश्वस्तरीय अधोसंरचना उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। इस विनिर्माण इकाई की स्थापना से मध्यप्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम डिजाइन एंड मैन्युफैक्चरिंग (ESDM) क्षेत्र का विस्तार होगा, जिससे इलेक्ट्रिक मोबिलिटी तथा स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े उद्योगों को नई मजबूती मिलेगी।
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 23 October 2026 at 21:27 IST