अपडेटेड 30 November 2024 at 22:48 IST
विकसित भारत बनाने का संकल्प लेकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें युवा : लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि देश के सभ्य नागरिक के रूप में विकसित भारत बनाने का संकल्प लेकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे देश के सभ्य नागरिक के रूप में विकसित भारत बनाने का संकल्प लेकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।
लोकसभा अध्यक्ष यहां स्थित मानव रचना विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने छात्रों से कहा कि शिक्षा ग्रहण करने के बाद आप जीवन में नए कैरियर की शुरुआत करने जा रहे हैं, ऐसे में अपनी भारतीय संस्कृति की विरासत को आधार मानते हुए राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।
बिरला ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों का समाधान करने की दिशा में भारत आज बड़ी शक्ति के रूप में उभरकर सामने आया है।
समारोह में स्नातक, स्नातकोत्तर व पीएचडी की करीब 1500 से अधिक डिग्री प्रदान की गईं। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा, ‘‘आज पूरी दुनिया में भारत की अतुल्य पहचान है। शासन चलाने की सर्वश्रेष्ठ पद्धति भारत की है और यही कारण है कि दुनिया के अन्य देश भारत का अनुकरण कर रहे हैं। लोकतंत्र की मजबूत ताकत ही है कि हमारा भारत 21वीं सदी में हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।’’
उन्होंने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि भारत की संस्कृति, ज्ञान, कौशल और सामर्थ्य के आधार पर वे विश्व स्तर पर स्वर्णिम भविष्य की कल्पना को साकार कर सकते हैं।
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 30 November 2024 at 22:48 IST