बगलामुखी यज्ञ में 11000 किलो लाल मिर्च की आहुति का बना विश्व रिकॉर्ड, रामदास आठवले ने किया सम्मानित
रामदास आठवले ने मां मातंगी दिव्य धाम को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। धाम की ओर से यह सम्मान एडवोकेट अविनाश ऑटे ने स्वीकार किया।
- भारत
- 2 min read
छत्तीसगढ़ के मां मातंगी दिव्य धाम में एक ऐतिहासिक और अद्वितीय आयोजन हुआ। इस दौरान 51×51 फीट के विशाल बगलामुखी यंत्र रूपी यज्ञ कुंड का निर्माण किया गया, जो अपने आप में एक अनोखा और पहली बार हुआ ऐसा आयोजन था। इस यज्ञ में 11,000 किलो (11 टन) सूखी लाल मिर्च की आहुति दी गई, जिसके लिए इसे वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। यह आयोजन न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे भारत के लिए गर्व का विषय बन गया।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में 19 फरवरी 2025 को दुबई के "Atlantis - The Palm" होटल में एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में भारत सरकार के मंत्री रामदास आठवले ने मां मातंगी दिव्य धाम को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। धाम की ओर से यह सम्मान एडवोकेट अविनाश ऑटे ने स्वीकार किया।
रामदास आठवले ने किया सम्मानित
इस समारोह में कई गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए, जिनमें भारत सरकार के पूर्व सचिव डॉ. विश्वपति त्रिवेदी, फेडरेशन ऑफ यूएई चैंबर्स के सचिव जनरल हुमैद मोहम्मद बेन सालेम, दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के कार्यकारी उपाध्यक्ष महिर अब्दुलकरीम जुल्फार, और वर्ल्ड बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स के सीईओ एड. संतोष शुक्ला जैसे प्रमुख लोग शामिल थे।
धाम के प्रमुख गुरुदेव डॉ. श्री प्रेम साई जी महाराज अन्य राज्यों में आयोजित होने वाले बगलामुखी यज्ञ के कारण इस समारोह में उपस्थित नहीं हो सके। हालांकि, जल्द ही लंदन के संसद भवन में एक और सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें गुरुदेव स्वयं उपस्थित रहेंगे। इसके बाद जापान में भी उनका सम्मान किया जाएगा। यह बगलामुखी यज्ञ सनातन संस्कृति की शक्ति और गौरव का प्रतीक बन चुका है। गुरुदेव डॉ. श्री प्रेम साई जी महाराज के मार्गदर्शन में ऐसे यज्ञ भविष्य में भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि भारत की आध्यात्मिक धरोहर और सनातन संस्कृति का प्रचार-प्रसार पूरी दुनिया में हो सके।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 26 February 2025 at 11:38 IST