सिया ने किया इशारा, आशिक चेतन ने पैर से दिया धक्का...केतन हत्याकांड के चश्मदीद ने बताई बेवफाई और मर्डर की कहानी, बोला- मुझे भी मारने की दी थी धमकी

चश्मदीद ने पुलिस को बताया कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि एक सोची-समझी हत्या थी। वारदात के वक्त किले की ऊंचाई पर सिया ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी की तरफ एक इशारा किया।

 
Follow :
सिया और चेतन ने ऐसे रची थी केतन की हत्या की प्लानिंग | Image: X

पुणे के प्रसिद्ध लोहगढ़ किले में हुए केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस द्वारा चार्जशीट दाखिल किए जाने के बाद एक बेहद चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। इस खौफनाक वारदात को अपनी आंखों से देखने वाला एक चश्मदीद गवाह अब सामने आया है, जिसके बयानों ने जांच की दिशा पूरी तरह साफ कर दी है। गवाह ने बीते 23 जून को पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज कराया, जिसमें उसने मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी की पूरी साजिश का पर्दाफाश किया है।

चश्मदीद ने पुलिस को बताया कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि एक सोची-समझी हत्या थी। वारदात के वक्त किले की ऊंचाई पर सिया ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी की तरफ एक इशारा किया। इशारा मिलते ही चेतन ने फुर्ती से केतन के पैरों पर जोरदार लात मारी, जिससे उसका संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया और वह सीधे लोहगढ़ किले की गहरी खाई में जा गिरा।

'तुझे भी नीचे फेंक दूंगा...' और हुडी का रहस्य

हत्या को अंजाम देने के बाद चेतन की नजर चश्मदीद पर पड़ गई थी। गवाह ने दावा किया है कि चेतन ने उसे धमकाते हुए कहा, "तू चुप रह, वरना तुझे भी इस किले से नीचे फेंक दूंगा।" इस खौफनाक धमकी से गवाह बुरी तरह सहम गया और शुरुआत में किसी को कुछ नहीं बताया। हालांकि, जब उसने मीडिया में इस हत्याकांड की लगातार खबरें देखीं, तो उसने चुप्पी तोड़ी और खुद पुलिस से संपर्क किया।

गवाह ने चेतन की पहचान पुख्ता करते हुए एक अहम जानकारी दी। उसने बताया कि उस दिन भयंकर गर्मी थी, इसके बावजूद चेतन ने एक 'हुडी' (Hoodie) पहन रखी थी। इसी अजीब पहनावे की वजह से चेतन का चेहरा उसे याद रह गया। यहां तक कि किला चढ़ते वक्त एक अन्य पर्यटक ने भी चेतन को टोकते हुए पूछा था कि इतनी भीषण गर्मी में उसने हुडी क्यों पहन रखी है।

सबूत मिटाने के लिए तोड़ा फोन, 'डेटा डिलीट' करने का किया था सर्च

  • इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस के हाथ भारी-भरकम तकनीकी सबूत लगे हैं।
  • पुलिस ने अब तक 12 टीबी डेटा, 6 मोबाइल, 9 पेनड्राइव, बैकअप और कॉल रिकॉर्ड्स जब्त किए हैं।
  • जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपियों ने इंटरनेट पर 'आईफोन से डेटा परमानेंटली डिलीट करने का तरीका' सर्च किया था।
  • सबूतों को नष्ट करने के इरादे से सिया ने घर में छिपाकर रखा अपना दूसरा मोबाइल भी तोड़ दिया था।
  • हालांकि, पुलिस सूत्रों का कहना है कि तोड़े गए मोबाइल का बैकअप डेटा और सोशल मीडिया की डिलीट की गई चैट्स रिकवर कर ली गई हैं। फिलहाल इन सभी इलेक्ट्रॉनिक सबूतों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है, जिससे इस हत्याकांड के कई और गहरे राज खुल सकते हैं।

जन्मदिन के बहाने रची थी मौत की साजिश

पुलिस के अनुसार, हत्या की मुख्य वजह त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग थी। आरोपी सिया गोयल की सगाई केतन अग्रवाल के साथ हुई थी, लेकिन वह इस रिश्ते से खुश नहीं थी। वह केतन से शादी नहीं करना चाहती थी। इसी से छुटकारा पाने के लिए सिया ने एक खौफनाक प्लान बनाया। वह अपना जन्मदिन मनाने के बहाने केतन को लोहगढ़ किले पर ले गई, जहां उसका प्रेमी चेतन चौधरी पहले से मौजूद था। वहीं दोनों ने मिलकर केतन को मौत के घाट उतार दिया।

इसे भी पढ़ें- 'इस अधूरे दिल को किसी ने पूरा नहीं किया...', मिस प्रिटी इंडिया' निधि तिवारी ने की खुदकुशी, फंदे से लटकता मिला शव, आखिरी पोस्‍ट में बयां किया था दर्द

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 28 September 2026 at 11:41 IST