'वे बस 12 बजे सो कर उठेंगे, ट्वीट कर देंगे और फिर PC...', अखिलेश यादव पर क्यों भड़के ओपी राजभर? जानें पूरा मामला

ओपी राजभर ने एम्स गोरखपुर के निदेशक के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती होने से जुड़े अखिलेश यादव के एक ट्वीट का जवाब देते हुए कहा कि मामले को बेवजह तूल दिया जा रहा है।

 
Follow :
Akhilesh Yadav OP Rajbhar | Image: ANI/File Photo

OP Rajbhar Attacked on Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के पास कोई काम नहीं है और वे बेवजह की कमियां निकालने में लगे रहते हैं।

ओपी राजभर ने एम्स गोरखपुर के निदेशक के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती होने से जुड़े अखिलेश यादव के एक ट्वीट का जवाब देते हुए कहा कि उनका कोई परिचित डॉक्टर रहा होगा, तो उन्होंने अपनी देखरेख में इलाज का सुझाव दे दिया होगा, जिसे बेवजह तूल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा, 'अखिलेश जी को कोई काम नहीं है, वह बाल की खाल निकालते हैं।'

योगी सरकार से की सपा सरकार की तुलना 

उन्होंने आगे स्वास्थ्य के मोर्चे पर योगी सरकार की तुलना पूर्ववर्ती सपा सरकार से की। उन्होंने दावा किया कि सपा के कार्यकाल में राज्य में जल प्रदूषण के कारण भारी संख्या में बच्चे बीमार होते थे। लेकिन इसके विपरीत आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में पानी की शुद्धता ऐसी कर दी गई है जिससे बच्चों की मृत्यु दर अब लगभग नगण्य (शून्य) हो गई है। राजभर ने आरोप लगाया कि विपक्ष में बैठे अखिलेश यादव को सरकार की यह उपलब्धि दिखाई नहीं दे रही है।

October 31, 2026

अखिलेश यादव पर राजभर का तंज

इस दौरान राजभर ने सपा प्रमुख पर तंज कसते हुए कहा कि वह दोपहर 12 बजे सोकर उठते हैं, सोशल मीडिया पर एक ट्वीट कर देते हैं और उसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर देते हैं। इसके अलावा उनके पास कोई काम नहीं है। उन्हें मालूम है कि सरकार नहीं बनने वाली है, तो विपक्ष में रहकर वे सिर्फ विरोध की राजनीति कर रहे हैं। हालांकि उनके बयानों का कोई मतलब नहीं रह गया है।

इसके अलावा उन्होंने अस्पतालों की अव्यवस्था के आरोपों पर कहा कि अगर सरकारी अस्पताल ठीक नहीं है तो लोग वहां इलाज कराने क्यों जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गोरखपुर एम्स में आज भी पर्चा बनवाने के लिए लंबी लाइनें लगी हुई हैं।

'सपा सरकार में अस्पतालों में गंदगी रहती थी'

उन्होंने कहा कि जब अखिलेश यादव अस्पताल जाएंगे तब हकीकत के बारे में जानकारी होगी। राजभर ने दावा किया कि जहां सपा सरकार के समय अस्पतालों में गंदगी का माहौल रहता था, वहीं आज योगी सरकार में 100 प्रतिशत बेहतर साफ-सफाई देखने को मिलती है। लेकिन उन्हें यह सब नहीं, केवल गड़बड़ दिखाई देता है।

अखिलेश के किस बयान पर भड़के राजभर?

गोरखपुर AIIMS की कार्यकारी निदेशक मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) डॉ. विभा दत्ता की बुधवार को अचानक तबीयत बिगड़ी। इसके बाद उन्हें दिल से जुड़ी जांच के लिए प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। इसके पीछे का कारण AIIMS गोरखपुर में कैथ लैब की सुविधा शुरू नहीं होना बताई जा रही है। इसी घटना पर अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा, 'भाजपा राज में AIIMS को भी इलाज की जरूरत है। सच में यही अंधेर नगरी वाला राज है, बाकी सवा दो करोड़ प्रतिदिन का झूठा प्रचार है।'

यह भी पढ़ें: 'कांग्रेस ने हमेशा सरदार पटेल को भुलाने की कोशिश की, लेकिन सूर्य के तेज को ढका नहीं जा सकता', लौह पुरुष की जयंती पर बोले अमित शाह

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 31 October 2026 at 12:51 IST