West Bengal: ‘देश में कांग्रेस नहीं रही और बंगाल में TMC’, सुवेंदु अधिकारी के शपथग्रहण से पहले बोले दिलीप घोष, कहा- जनता ने दिया उत्पीड़न का जवाब

West Bengal Dilip Ghosh: पश्चिम बंगाल में भाजपा की पहली सरकार के गठन से पहले दिलीप घोष ने इसे ऐतिहासिक जीत बताया है। उन्होंने कहा कि जनता ने टीएमसी के 'जंगलराज' और उत्पीड़न को नकार कर भाजपा को चुना है।

Follow :  
×

Share


Dilip Ghosh Statement West Bengal BJP Govt | Image: ANI

West Bengal Dilip Ghosh: पश्चिम बंगाल के राजनीतिक इतिहास में आज एक नया अध्याय लिखा जा रहा है। सुवेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से कुछ घंटे पहले भाजपा खेमे में भारी उत्साह है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और नवनिर्वाचित विधायक दिलीप घोष ने इस जीत को वर्षों की 'तपस्या' का परिणाम बताते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला है।

“कांग्रेस देश से गई, TMC बंगाल से”

दिलीप घोष ने जीत के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि राज्य में बदलाव के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने वर्षों तक उत्पीड़न सहा है। उन्होंने कहा, “बहुत लंबे समय तक हमें तपस्या करनी पड़ी, लेकिन आज उसका सुखद परिणाम आया है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना आखिरकार पूरा हुआ। देश में अब कांग्रेस का अस्तित्व नहीं रहा और अब बंगाल से टीएमसी भी खत्म हो जाएगी। जिस तरह उन्होंने सत्ता का दुरुपयोग किया और लोगों का उत्पीड़न किया, जनता ने उसका करारा जवाब देते हुए भाजपा को चुना है।”

आजादी के बाद पहली बार BJP सरकार 

पश्चिम बंगाल की सत्ता पर दशकों तक कांग्रेस, वामपंथ और फिर TMC का कब्जा रहा। लेकिन 2026 के इन चुनावी नतीजों ने सब कुछ बदल दिया है। आजादी के बाद यह पहला मौका है जब बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बन रही है। ममता बनर्जी को भवानीपुर और नंदीग्राम (2021) में हराने वाले सुवेंदु अधिकारी आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर राज्य की कमान संभालेंगे। 

जंगलराज का हुआ अंत: शमीक भट्टाचार्य 

इसी बीच प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने इस जीत को लोकतंत्र की विजय बताया। उन्होंने कहा कि लाखों कार्यकर्ताओं ने इस दिन के लिए अपनी जान की बाजी लगाई थी। भट्टाचार्य ने कहा कि जिस धरती से जनसंघ की विचारधारा शुरू हुई थी, आज वहां उसी विचार की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को प्रोटोकॉल के तहत शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया गया है। 

बंगाल में शपथ ग्रहण की तैयारी

बता दें, आज कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले भव्य समारोह में केंद्र सरकार के कई दिग्गज मंत्री और BJP शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। सुवेंदु अधिकारी के साथ कुछ अन्य वरिष्ठ नेता भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं, जिनमें दो उपमुख्यमंत्री वाला फॉर्मूला लागू होने की प्रबल संभावना है। 

ये भी पढ़ें: Suvendu Adhikari Net Worth: न कोई कार, न ही सोना… बंगाल के नए CM सुवेंदु अधिकारी की संपत्ति जान रह जाएंगे दंग

Published By : Shashank Kumar

पब्लिश्ड 9 May 2026 at 09:44 IST