Weather Update Today: IMD ने जारी किया बड़ा अलर्ट, UP-बिहार-दिल्ली समेत कई राज्यों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी
Weather Update Today 17 May 2026: IMD ने अगले 10 घंटे के भीतर देश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और तूफान को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत से लेकर पूर्वी और दक्षिणी राज्यों तक कई इलाकों में 40 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
Weather Update Today 17 May 2026: देशभर में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने अगले 10 घंटे के भीतर देश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और तूफान को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत से लेकर पूर्वी और दक्षिणी राज्यों तक कई इलाकों में 40 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
कुछ जगहों पर ओलावृष्टि और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। खासतौर पर किसानों, यात्रियों और खुले इलाकों में काम करने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है।
दिल्ली-NCR में धूलभरी आंधी और बारिश
दिल्ली-NCR क्षेत्र में जल्द ही मौसम बदल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, रात के समय तेज धूलभरी आंधी, बिजली चमकने और हल्की बारिश की संभावना है। 17 मई को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि 18 मई को यह 43 डिग्री तक जा सकता है। हालांकि तेज हवाओं के कारण लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश में गर्मी के बीच तूफानी हवाओं की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में फिलहाल भीषण गर्मी का दौर जारी है। बांदा, प्रयागराज और झांसी जैसे जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने दक्षिणी यूपी के कई हिस्सों में लू चलने की चेतावनी दी है, जबकि कुछ इलाकों में तेज हवाएं और हल्की बारिश भी हो सकती है। राजधानी लखनऊ में आसमान साफ रहने का अनुमान है, लेकिन शाम के समय मौसम बदल सकता है।
बिहार में भारी बारिश और तेज आंधी की आशंका
बिहार के गया, औरंगाबाद, पश्चिमी चंपारण, भागलपुर, दरभंगा, मधुबनी और बेगूसराय समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। पटना में 17 और 18 मई को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। मौसम विभाग ने कई जिलों में बिजली गिरने और तेज हवाओं की भी चेतावनी दी है।
राजस्थान में फिर बढ़ेगा तापमान
राजस्थान में 17 मई से एक बार फिर तेज गर्मी लौटने के संकेत हैं। जयपुर, बीकानेर और शेखावाटी क्षेत्र में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर हल्की बारिश और मेघगर्जन भी हो सकता है। पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर और ज्यादा बढ़ने की संभावना है।
पंजाब और हरियाणा में तूफानी मौसम का अलर्ट
पंजाब के पठानकोट, अमृतसर, गुरदासपुर और होशियारपुर समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने 17 से 20 मई तक कई हिस्सों में हीटवेव का येलो अलर्ट भी जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मध्य प्रदेश और झारखंड में भी बारिश की चेतावनी
मध्य प्रदेश के उमरिया, शहडोल, रीवा और उज्जैन समेत कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं झारखंड के गिरिडीह, देवघर, धनबाद और बोकारो में तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है।
उत्तराखंड और हिमाचल में तेज हवाएं
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई जगहों पर बारिश और बादल छाए रहने का अनुमान है। मनाली और शिमला जैसे इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
तमिलनाडु में भारी बारिश का असर
तमिलनाडु में बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव का असर दिखाई दे रहा है। कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने कडलूर, विलुप्पुरम और थेनी समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटे देश के कई हिस्सों के लिए संवेदनशील हो सकते हैं। ऐसे में लोगों को मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
Published By : Shashank Kumar
पब्लिश्ड 17 May 2026 at 07:49 IST