अपडेटेड 19 June 2024 at 10:00 IST
Weather Update: मानसून से पहले गर्मी का सितम, UP में रेड तो दिल्ली में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी
Weather Update: देश के कई राज्यों में पड़ रही भयंकर गर्मी के बीच जहां लोग मानसून का इंतजार कर रहे हैं, वहीं मौसम विभाग ने नया वेदर अपडेट जारी किया है।
Weather Update: उत्तर भारत के कई राज्यों में गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हरियाणा, पंजाब जैसे कई राज्यों में भयंकर गर्मी पड़ रही है। जहां कई राज्य हीटवेव जैसी स्थिति का सामना कर रहे हैं वहीं दक्षिण भारत में झमाझम बारिश का दौर जारी है। ऐसे में गर्मी झेल रहे कई राज्य भी बेसब्री से मानसून का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि मौसम विभाग की हालिया वेदर अपडेट में कई राज्यों के लिए हीटवेव को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ज जारी किया गया है।
यूपी में गर्मी का रेड अलर्ट
मौसम विभाग की तरफ से पूरे उत्तर प्रदेश में आज हीटवेव को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि आईएमडी के अनुसार 20 जून तक उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में मानसून के दस्तक देने की संभावना है। वहीं, यूपी के अलावा आईएमडी ने मध्य प्रदेश, चंडीगढ़, दिल्ली और हरियाणा में भी हीटवेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा बिहार में भी लोगों को गर्म हवाओं से दो-चार होना पड़ सकता है।
दिल्लीवालों को अभी और सताएगी गर्मी
आईएमडी ने दिल्ली में हीटवेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऐसे में दिल्लीवालों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलती हुई नजर नहीं आ रही है। वहीं, मानसून की बात की जाए तो मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 27 जून तक मानसून दस्तक दे सकता है।
यहां हो सकती है बारिश
आईएमडी के मुताबिक अगले 5 दिनों में बिहार, झारखंड, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल में छिटपुट से हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा 19 से 21 जून के दौरान कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 20 से 21 जून को गुजरात में भी भारी बारिश हो सकती है। वहीं, अगले 5 दिनों के भीतर त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
Published By : Kajal .
पब्लिश्ड 19 June 2024 at 07:50 IST