Weather Update: कड़ाके की ठंड से अभी राहत नहीं, 5-7 दिनों तक दिल्ली समेत उत्तर भारत में सुबह-सुबह कोहरे की मार; IMD ने जारी किया अलर्ट
Weather Update: ठंडी हवाएं और रोजाना सुबह और रात में कोहरे की चादर से लोग परेशान हो गए हैं। खासतौर पर उत्तर भारत में मौसम ज्यादा तंग कर रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, कई जगहों पर लोग धूप के लिए भी तरस रहे हैं।
- भारत
- 3 min read
Weather Update: लोगों ने कहना शुरू ही किया था कि इस बार ज्यादा ठंड नहीं है कि इतने में सर्दी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया। जनवरी के शुरू होते ही ठंड दिन पर दिन बढ़ने लगी। घने कोहरे ने भी लोगों में कंपकंपी बढ़ा दी है। इसी कड़ाके की ठंड को देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है।
ठंडी हवाएं और रोजाना सुबह और रात में कोहरे की चादर से लोग परेशान हो गए हैं। खासतौर पर उत्तर भारत में मौसम ज्यादा तंग कर रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, कई जगहों पर लोग धूप के लिए भी तरस रहे हैं।
उत्तर भारत में ठंड से छूटी लोगों की कंपकंपी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुबह-सुबह घने कोहरे के चलते विजिलिबिटी ना के बराबर हो गई है। अब भारतीय मौसम विभाग (IMD) की भविष्यवाणी है कि गुरुवार का दिन इस हफ्ते का सबसे ठंडा दिन हो सकता है। जी हां, गुरुवार को घर से बाहर निकलते समय गर्म कपड़े अच्छे से पहनें ताकि शरीर को ठंड ना लग जाए।
IMD का अनुमान है कि दिल्ली में गुरुवार काफी ठंड रहने वाली है। लोगों को भीषण कोहरे का सामना करना पड़ सकता है जिसके चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, दोपहर को कोहरा छंट सकता है। ये हाल दिल्ली के साथ साथ पूरे उत्तर भारत में रहने वाला है। ऐसे में सलाह दी गई है कि जबतक जरूरी ना हो, घर में ही रहें और ठंड से बचने की पूरी कोशिश करें।
यूपी–झारखंड में हाड़ कंपाने वाली ठंड
उत्तर प्रदेश में भी कड़ाके की ठंड का सितम जारी है। मौसम विभाग ने यूपी के भी कई हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया है जहां तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। इसके अलावा झारखंड, हरियाणा और पश्चिम बंगाल में भी शीतलहर और घना कोहरा जनजीवन को प्रभावित कर रहा है। जहां झारखंड के लगभग सभी जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है, वही हरियाणा और पंजाब में भी हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। यहां कुछ हिस्सों में तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से भी नीचे है।
हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर जैसे पहाड़ी इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी की संभावना जताई जा रही है जबकि निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। IMD की चेतावनी है कि 7 से 13 जनवरी के बीच भारी बर्फबारी और ठंड और बढ़ सकती है।
दक्षिण भारत में बारिश का अलर्ट जारी
बात करें दक्षिण भारत की तो यहां कई हिस्सों में आने वाले दिनों में झमाझम बारिश देखने को मिल सकती है। IMD के अनुसार, 9 से 11 जनवरी के बीच तमिलनाडु और पुडुचेरी में बारिश की संभावना है।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 7 January 2026 at 23:45 IST