'बंगाल नहीं पूरे देश से एक-एक घुसपैठिए को निकालेंगे, ये ध्रुवीकरण नहीं देश की सुरक्षा का मुद्दा है', कोलकाता में अमित शाह ने भरी हुंकार
विधायक दल की बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने बंगाल में BJP की जीत को ऐतिहासिक जनादेश बताया। साथ ही उन्होंने फिर दोहराया कि बंगाल नहीं पूरे देश से एक-एक घुसपैठिए को निकालने का संकल्प पूरा करेंगे।
पश्चिम बंगाल में नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो गया। सुवेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनके नाम का ऐलान किया है, कल, 9 मई को सुवेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। विधायक दल की बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने बंगाल में BJP की जीत को ऐतिहासिक जनादेश बताया। इसके साथ उन्होंने एक बार फिर अपने पूरे वादे को दोहराते हुए कहा कि बंगाल नहीं पूरे देश से एक-एक घुसपैठिए को बाहर निकालेंगे। देश की सुरक्षा के साथ हम कोई समझौता नहीं कर सकते।
बंगाल में BJP की प्रंचड़ जीत पर अमित शाह ने कहा, 'जब मैं 2014 में बंगाल का अध्यक्ष बना था, तब हमारे मौजूदा अध्यक्ष, समिक भट्टाचार्य ने उपचुनाव जीतकर हमारा खाता खोला था। 2016 में, हमारे पास 3 सीटें थीं। 2021 में, हमारे पास 77 सीटें थीं, और 2026 में, हमारे पास 207 सीटें हैं और बंगाल में हमारे मुख्यमंत्री शपथ लेने जा रहे हैं'।
बीजेपी की जीत पर क्या बोले शाह?
अमित शाह ने आगे कहा, ‘यह सफर जितना शानदार रहा है, इसका रास्ता उतना ही असहनीय कष्टों से भरा रहा है। मैं यह नहीं भूल सकता कि 321 देवता-तुल्य BJP कार्यकर्ताओं ने इस जीत के लिए, इस विचार के लिए अपनी जान दे दी। केरल और बंगाल के अलावा, मैंने कहीं और ऐसी नग्न और क्रूर हिंसा का तांडव नहीं देखा है। बंगाल कानून व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गया था। ’
देश में घुसपैठ नामुमकिन होगा-अमित शाह
बंगाल में घुसपैठिए को लेकर अमित शाह ने कहा, 'अब त्रिपुरा में हमारी सरकार है। असम में हमारी सरकार है। और बंगाल में भी हमारी सरकार है। घुसपैठ नामुमकिन होगी। गौ-तस्करी नामुमकिन होगी और पूरे दृढ़ संकल्प के साथ, बंगाल सरकार और भारत सरकार इस सीमा को राष्ट्रीय सुरक्षा के एक अभेद्य दुर्ग में बदल देंगी। बंगाल ही नहीं पूरे देश से एक-एक घुसपैठिए को निकालेंगे और ये ध्रुवीकरण नहीं देश की सुरक्षा का मुद्दा है।'
गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक अब BJP
विधायक दल की बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा, '100 साल की वैचारिक यात्रा के बाद, BJP गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक हर जगह सत्ता में है। 1950 से, हमने श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में यह यात्रा शुरू की है। आज, उनके अपने जन्मस्थान पर, 1950 के बाद, 2026 में, श्यामा प्रसाद मुखर्जी की सरकार बन रही है।'
श्यामा प्रसाद मुखर्जी का आशीर्वाद हमारे साथ-शाह
'जब अनुच्छेद 370 हटाया गया, तो पूरे देश में कार्यकर्ताओं के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। लेकिन कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने मुझसे कहा कि अभी भी कुछ बाकी है, उन्होंने कहा कि बंगाल में अभी BJP का झंडा फहराया जाना बाकी है। मुझे विश्वास है कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी जहां कहीं भी होंगे, वे PM मोदी के नेतृत्व को पूरे दिल से आशीर्वाद दे रहे होंगे। '
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 8 May 2026 at 18:11 IST