अपडेटेड 6 September 2024 at 12:48 IST
विनेश फोगाट-बजरंग पूनिया ज्वाइन करेंगे कांग्रेस! मिल सकता है एक पहलवान को चुनाव का टिकट
विनेश फोगाट के साथ बजरंग पूनिया आज कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। कांग्रेस विनेश फोगाट को चुनाव भी लड़ा सकती है।
Vinesh Phogat and Bajrang Punia: पहलवान विनेश फोगाट कुश्ती के बाद अब राजनीति के अखाड़े में दांव आजमाने जा रही हैं। विनेश फोगाट के साथ बजरंग पूनिया भी राजनीतिक पारी की शुरुआत करने वाले हैं। सूत्रों ने जानकारी दी है कि फोगाट और पूनिया दोनों ही आज दिल्ली में कांग्रेस पार्टी ज्वाइन कर सकते हैं। इसको लेकर नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में कार्यक्रम रखा गया है।
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी एक मैसेज में कहा गया है कि कार्यक्रम में बड़ी हस्तियां कांग्रेस पार्टी में शामिल होंगी। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल इसमें शामिल होंगे। सूत्रों ने बताया है कि कांग्रेस ज्वाइन करने के बाद विनेश फोगाट को चुनाव में भी लड़ाया जा सकता है। कांग्रेस उन्हें चुनाव लड़ा सकती है।
जींद के जुलाना से चुनाव लड़ सकती हैं विनेश
सूत्र बताते हैं कि राहुल गांधी ने विनेश फोगाट की जींद के जुलाना से टिकट पक्की कर दी है। संभावना है कि कांग्रेस पार्टी जॉइन करते ही आधिकारिक तौर पर ऐलान किया जा सकता है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि विनेश 11 सितंबर को नामांकन करेंगी, जबकि बजरंग पूनिया को उनके प्रचार का जिम्मा मिला है। वो चुनाव नहीं लड़ेंगे।
कांग्रेस में विनेश की एंट्री से पहले उठने लगे सवाल!
विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलों के बीच राजनीति भी शुरू हो गई है। इन पहलवानों ने कुछ महीने पहले कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे। अभी बृजभूषण शरण सिंह हमलावर हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण ने दावा किया, 'मैंने पहले भी कहा है, आज देश भी यही कह रहा है। अब मुझे इस बारे में कुछ कहने की जरूरत नहीं है।' यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे बृज भूषण ने आरोप लगाया था कि दीपेंद्र हुड्डा ने उनके खिलाफ साजिश रची थी। बृजभूषण सिंह ने ये भी आरोप लगाया था कि विरोध के प्रमुख चेहरों में से एक पहलवान बजरंग पुनिया भी उनके खिलाफ साजिश में शामिल थे।
हरियाणा के पूर्व गृह मंत्री और बीजेपी के नेता अनिल विज ने भी विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया पर बयान दिया है। विनेश फोगाट के मुद्दे पर विज ने कहा कि कांग्रेस पहले दिन से ही इन लोगों के पीछे खड़ी थी। इनके उकसाने से ही पहलवानों का आंदोलन चला था। अनिल विज ने तंज कसते हुए कहा कि अगर वो देश की बेटी से कांग्रेस की बेटी बनना चाहती हैं तो हमें कोई ऐतराज नहीं।
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 6 September 2024 at 12:09 IST