वंदे मारतम् के अपमान पर नहीं थम रहा बवाल, अब सोनिया गांधी, राहुल और खरगे के खिलाफ मुंबई पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई शिकायत
मुंबई भाजपा सचिव वकील अखिलेश चौबे ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत वंदे मातरम् के अपमान को लेकर कराई गई है।
- भारत
- 3 min read
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम् के गायन को लेकर राजनीतिक विवाद अब कानूनी रूप ले चुका है। दिल्ली और कर्नाटक के बाद अब मुंबई में भी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में कहा गया है कि अगर पुलिस कांग्रेस नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज नहीं करती है तो कोर्ट का रुख करेंगे।
मुंबई भाजपा सचिव वकील अखिलेश चौबे ने दिंडोशी पुलिस स्टेशन में तीनों नेताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के अपमान का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने ने चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर मेरी शिकायत के आधार पर पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं करती तो कोर्ट का रुख करेंगे।
अखिलेश चौबे ने कांग्रेस नेताओं को क्या कहा?
रिपब्लिक भारत से बातचीत में अखिलेश चौबे ने कहा, 'कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम् और देश का अपमान किया है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने जानबूझकर यह अपमान किया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे राष्ट्रगीत का अपमान हो रहा है। कांग्रेस के लोग पिछले 70 सालों से इस तरह का व्यवहार करते आए हैं, लेकिन इस बार हम नहीं छोड़ेंगे।'
क्या है पूरा विवाद?
बता दें कि 15 अगस्त को दिल्ली स्थित AICC मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह का एक वीडियो वायरल होने के बाद विवाद शुरू हुआ था। आरोप है कि उस दौरान सोनिया गांधी ने वंदे मातरम् गाने को रोकने का ईशारा किया था। इस दौरान राहुल गांधी भी मौजूद थे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी इस दौरान बातचीत करते नजर आए। भाजपा ने इसे बड़ा मुद्दा बना लिया है और कांग्रेस नेताओं पर राष्ट्रगीत के अपमान का आरोप लगाया है।
कर्नाटक, दिल्ली में भी कांग्रेस नेताओं के खिलाफ शिकायत
कर्नाटक के मंगलूरू में भी भाजपा नेताओं ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ उरवा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। BJP नेता विकास पुत्तूर ने कहा, "पूरे भारत ने कांग्रेस पार्टी की हरकतें देखी। कांग्रेस पार्टी हमेशा से 'वंदे मातरम' की विरोधी रही है। कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यालय में झंडा फहराने के कार्यक्रम के दौरान, जब 'वंदे मातरम' बजाया जा रहा था तो सोनिया गांधी ने कार्यक्रम में बाधा डाली। हमने और देश ने देखा कि वह बाधा डाल रही थीं और अपने पार्टी कार्यकर्ताओं को 'वंदे मातरम' रोकने के लिए कह रही थीं।"
वहीं, सुप्रीम कोर्ट के वकील शुभ शर्मा ने 16 अगस्त को दिल्ली के आईपी एस्टेट थाने में वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में राहुल गांधी के एक वीडियो का भी जिक्र है, जिसमें वे कथित तौर पर कहते नजर आ रहे हैं कि हम वंदे मातरम् नहीं गा रहे हैं।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 17 August 2026 at 14:48 IST