अपडेटेड 6 August 2025 at 07:33 IST
Uttarakhand Cloudburst: रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन, अब भी फंसी 70 से ज्यादा जिंदगियां, पल-पल के हालातों पर CM धामी की नजर; बड़े अपडेट्स
Uttarkashi Cloudburst Rescue Operation: सेना, NDRF, SDRF, ITBP और पुलिस की टीमें मिलकर बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं। इस बीच मौसम परेशानी खड़ी कर रहा है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री लगातार हालातों पर नजर बनाए हुए हैं।
Uttarakhand Cloudburst News: उत्तराखंड के उत्तरकाशी में बादल फटने से बड़ी तबाही मच गई। चंद सेकेंड में पूरा गांव सैलाब में बह गया। दर्दनाक हादसे में अब तक चार लोगों की मौत की खबर है। करीब 130 लोगों को रेस्क्यू कर बचा भी लिया गया है। वहीं, 70 के ज्यादा लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं, जिसमें सेना के कई जवान भी शामिल हैं। SDRF, NDRF, ITBP और आर्मी की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।
उत्तरकाशी के धराली गांव में ये आपदा मंगलवार (5 अगस्त) को दोपहर 1 बजकर 45 मिनट पर आई। बादल फटने से पूरा गांव मलबे में दफन हो गया। कई होटल, होम स्टे और मकान तिनके की तरह बह गए। चारों ओर चीख-पुकार मच गई।
रेस्क्यू में मौसम बन रहा बाधा
मलबे में फंसी जिंदगियों को बचाने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। इस बीच मौसम लगातार परेशानी का सबब बना हुआ है, जिसकी वजह से रेस्क्यू में मुश्किलें आ रही हैं। तब भी सेना, NDRF, SDRF, ITBP और पुलिस की टीमें मिलकर बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं। उत्तरकाशी-हर्षिल मार्ग पर अलग-अलग पर लैंडस्लाइड की वजह से अवरुद्ध सड़कों को JCB की मदद से साफ किया जा रहा है।
हालातों पर नजर रखे हुए हैं CM धामी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आंध्र प्रदेश के अपने दौरे से सीधे देहरादून में राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र पहुंचे। वह यहां पर प्रशासन, पुलिस और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राहत और बचाव कार्यों का समन्वय कर रहे हैं।
रक्षा जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि 14वीं RAJRIF के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल हर्षवर्धन, 150 कर्मियों के साथ महत्वपूर्ण बचाव और राहत कार्यों में लगे हुए हैं। यूनिट के बेस के बुरी तरह प्रभावित होने और 11 कर्मियों के लापता होने की आशंका के बावजूद, टीम अटूट दृढ़ संकल्प के साथ काम कर रही है। अब तक 20 लोगों को बचाया जा चुका है। इस बीच, बचाव कार्यों में अतिरिक्त टुकड़ियां भेजी जा रही हैं।
तकनीक का भी लिया जा रहा सहारा
वहीं, MI-17 और चिनूक से लेकर कई हेलिकॉप्टर रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए तैयार हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए तकनीक का भी सहारा लिया जा रहा है। मलबे में दबे हुए लोगों को सेंसर की मदद से खोजा जा रहा है।
उत्तरकाशी में बादल फटने से आई इस आपदा से जुड़े कई वीडियोज भी सामने आए हैं, जिसमें रोंगटे खड़े कर देने वाले भयावह मंजर देखने को मिल रहा है। इन वीडियो में लोगों को जान बचाकर भागते हुए देखा जा सकता है। चारों तरफ से आ रहीं चीख पुकार की आवाजों को भी सुना जा सकता है। बताया जा रहा है कि धराली में 30 फीट तक मलबा जम गया और कई दुकानें, इंसान और जानवर बाढ़ में बह गए।
आज कई जिलों में स्कूल बंद
उत्तराखंड में अभी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। कई जगहों पर भारी बारिश का रेड अलर्ट और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच प्रदेश के 9 जनपदों में छुट्टी का भी आदेश जारी कर दिया गया। देहरादून, नैनीताल, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, चंपावत, पौड़ी, अल्मोड़ा और बागेश्वर जनपद में आज स्कूल बंद रहेंगे।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 6 August 2025 at 07:31 IST