Breaking: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में 10 लोग मरे, बद्रीनाथ हाईवे पर नदी में जा कूदी बेकाबू गाड़ी
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। रुद्रप्रयाग में बद्रीनाथ हाइवे पर रेंतोली के पास हादसा हुआ है।
Uttarakhand Accident: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। रुद्रप्रयाग में बद्रीनाथ हाइवे पर रेंतोली के पास हादसा हुआ है, जिसमें तकरीबन 7 लोग घायल भी बताए जा रहे हैं। शुरुआती जानकारी आई है कि टेंपो ट्रैवलर बेकाबू हो गई थी और अलकनंदा नदी में जा कूदी थी। फिलहाल घटनास्थल पर पुलिस प्रशासन के अधिकारी पहुंच गए हैं।
जानकारी के मुताबकि, रुद्रप्रयाग में बद्रीनाथ हाईवे के पास हादसे का शिकार हुई टेंपो ट्रैवलर में लगभग 17 लोग सवार थे। हालांकि शासन-प्रशासन के स्तर पर अभी यात्रियों की संख्या को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बताया जाता है कि जब गाड़ी अलकनंदा नदी चल रही थी, अचानक से ड्राइवर का नियंत्रण खो गया। उसके बाद टेंपो ट्रैवलर वाहन अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में समा गया।
दुर्घटना के बाद बुरी रह क्षतिग्रस्त वाहन
घटना के बाद की जो तस्वीरें सामने आई हैं, वो बेहद ही डरावनी हैं। नदी में पड़े हुए टेंपो ट्रैवलर का अगला हिस्सा बिल्कुल क्षतिग्रस्त हो चुका था। बाकी का हिस्सा नदी के पानी में डूबा हुआ था। घटना की सूचना मिलने पर बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गया। सामने आया है कि ट्रैवलर में सवार करीब 17 यात्रियों में से 10 से ज्यादा की मौत हो चुकी है। बाकी घायल हैं। एसडीआरएफ के अधिकारियों ने बताया कि पुलिस की टीम बचाव कार्य कर रही है। अब तक घायलों को टीम ने एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया है।
CM धामी ने जांच के आदेश दिए
घटना पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि 'जनपद रुद्रप्रयाग में टेंपो ट्रैवलर के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत पीड़ादायक समाचार प्राप्त हुआ। स्थानीय प्रशासन और SDRF की टीमें राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं। घायलों को नजदीकी चिकित्सा केंद्र पर इलाज के लिए भेज दिया गया है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। बाबा केदार से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।' साथ ही मुख्यमंत्री धामी ने जिलाधिकारी को घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।
Published By : Amit Bajpayee
पब्लिश्ड 15 June 2024 at 13:17 IST