देवप्रयाग में दर्दनाक हादसा... 250 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत

पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर कुंडधार के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से पौड़ी जा रही एक अनियंत्रित बोलेरो लगभग 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त वाहन में छह लोग सवार थे, जिनमें से पांच की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

 
Follow :
गहरी खाई में गिरी बोलेरो, एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत | Image: Republic

उत्तराखंड के पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। कुंडधार के पास एक अनियंत्रित बोलेरो गाड़ी लगभग 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस खौफनाक हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि 1 युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

चीख-पुकार के बीच शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना पाते ही थाना देवप्रयाग पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य राहत टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। खाई गहरी होने के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद टीमों ने खाई में उतरकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक अरमान को रेस्क्यू कर तुरंत खाई से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की मदद से बेस अस्पताल श्रीनगर में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

हरिद्वार के लक्सर का रहने वाला था परिवार

पुलिस के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी लोग हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र थाना कोतवाली के रायपुर जीतपुर गांव के निवासी थे। मृतकों की पहचान अफजाल , शब्बो , अन्नाविया , शादाब  गुफरान नाम से हुई है।

पौड़ी में ठेकेदारी करते थे अफजाल

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक अफजाल पौड़ी में ठेकेदारी का काम करते थे। शुक्रवार को वह अपने परिवार के साथ बोलेरो वाहन से पौड़ी की ओर ही जा रहे थे कि रास्ते में कुंडधार के पास यह भयानक हादसा हो गया। तीन साल की मासूम बच्ची समेत पांच लोगों की मौत की खबर से उनके गृह क्षेत्र लक्सर में शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस जांच में जुटी

राहत एवं बचाव दल ने सभी पांचों शवों को खाई से बाहर निकालकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम की वैधानिक कार्रवाई के लिए भेज दिया है। देवप्रयाग पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। क्या हादसा तेज रफ्तार, तकनीकी खराबी या किसी अन्य वजह से हुआ, इसकी गहन जांच की जा रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुख

इस हादसे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक जताया है। सीएम धामी ने कहा, कि देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर हुई भीषण सड़क हादसे की खबर बहुत दर्दनाक है। जिला प्रशासन को दुर्घटना में घायलों के समुचित और तुरंत उपचार के साथ ही गंभीर रूप से घायलों को जरूरत के मुताबिक एयरलिफ्ट कर हायर सेंटर रेफर करने का निर्देश दिया है। 

August 7, 2026

ये भी पढ़ें - JPSC-JSSC Protest: विरोध प्रदर्शन के बीच CM हेमंत सोरेन छात्रों से बातचीत के लिए तैयार, सरकार के कहने पर वार्ता के लिए बनाई डेलिगेशन की नई टीम

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 7 August 2026 at 17:23 IST