अपडेटेड 25 February 2026 at 22:48 IST
UP के कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, योगी सरकार ने होली से पहले सैलरी को लेकर जारी किया ये आदेश
UP Employees Salary: यूपी में राज्य कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए अच्छी खबर है। इसके अनुसार, यूपी सरकार ने होली के कारण फरवरी का वेतन और पेंशन पहले ही बांटने का आदेश दिया है।
UP Employees Salary: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने होली से पहले राज्य के लाखों कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ी राहत दी है। यूपी सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए आदेश जारी किया है कि फरवरी 2026 का वेतन और पेंशन 28 फरवरी 2026 को ही जारी कर दिया जाए।
सामान्य तौर पर मार्च के पहले सप्ताह में होने वाला यह भुगतान इस बार होली की छुट्टियों के कारण फरवरी के आखिरी दिन ही संपन्न हो जाएगा यानी इस बार यूपी के कर्मचारियों की सैलरी इसी हफ्ते आने वाली है।
समय से पहले वेतन जारी करने की वजह
वित्त विभाग द्वारा जारी शासनादेश के अनुसार, 2 मार्च 2026 को होलिका दहन और 4 मार्च को होली का सार्वजनिक अवकाश है। इसके अलावा 1 मार्च को रविवार (सामान्य अवकाश) होने के कारण वेतन और पेंशन जारी करने की नियमित प्रक्रिया रुक सकती थी। ऐसे में कर्मचारियों को त्योहार की खरीदारी और अन्य खर्चों में कोई असुविधा न हो, इसलिए राज्यपाल की स्वीकृति के बाद सरकार ने इस बार होली गिफ्ट देने का निर्णय लिया है।
किसे-किसे मिलेगा लाभ?
यूपी सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस समयपूर्व भुगतान के दायरे में कई विभागों के लोग शामिल होंगे। इसमें राज्य कर्मचारी, शिक्षण संस्थानों के शिक्षक और कर्मचारी, स्थानीय निकायों के कर्मचारी, पेंशनर और आउटसोर्स या संविदा कर्मचारी लाभान्वित होंगे।
शिक्षा विभाग के लिए विशेष निर्देश
इस संबंध में बुधवार को स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी ने आदेश भी जारी कर दिया है। हालांकि अभी अन्य विभाग में भी आदेश आना बाकी है। महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधीन कार्यरत सभी अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों का वेतन 2 मार्च से पहले हर हाल में सुनिश्चित करें। इसमें मध्याह्न भोजन प्राधिकरण और निदेशालय के कर्मचारी भी शामिल हैं।
इसके अलावा, यूपी सरकार ने सभी जिलाधिकारियों और कोषाधिकारियों को निर्देशित किया है कि इस आदेश का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित करें ताकि होली से पहले बैंक खातों में धनराशि पहुंच जाए। बता दें, उत्तर प्रदेश में इस समय करीब 18 लाख राज्य कर्मचारी हैं। इन सभी कर्मचारियों को होली से पहले वेतन का इंतजार है।
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 25 February 2026 at 22:48 IST