Kanpur: पति को जेल से छुड़ाने लिए पत्नी का हाई वोल्टेज ड्रामा, चढ़ गई टावर पर, नीचे मनाती रही भीड़, पुलिस ने पति को लाया तो उतरी और लिपट कर... VIDEO
कानपुर में उस समय हड़कंप मच गया जब अपने पति को जेल से छुड़ाने की मांग को लेकर एक महिला पुलिस ऑफिस परिसर में बने मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। अब पूरी घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
उत्तर प्रदेश के कानपुर में उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक महिला अपने जेल में बंद पति को छुड़ाने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला घंटों कड़ी धूप में टावर पर चढ़ी ही रही। नीचे मौजूद लोग और पुलिस उसे मनाती रही, मगर अपनी जिद्द पर अड़ी रही। इस पूरी घटना का वीडियो सामने आया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना पुलिस कार्यालय परिसर का ही है। पति को जेल से छुड़ाने की मांग लेकर आई महिला अचानक परिसर में मौजूद मोबाइल टावर पर चढ़ गई। इसके बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी पुलिस बल को बुलाया गया। महिला टावर पर काफी ऊपर तक चढ़ गई और लगातार अपने पति को मौके पर लाने की मांग करती रही।
पति को देखने के बाद ही टावर से उतरी महिला
पुलिस अधिकारियों और प्रशासनिक टीम ने महिला को समझाने के कई प्रयास किए, लेकिन वह टावर से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। मौके पर वकील को भी बुलाया गया, जो महिला को समझाने की कोशिश कर रहा था। मगर वो अपनी जिद्द पर अड़ी रही। लंबी मशक्कत के बाद प्रशासन को कोर्ट से अनुमति लेकर महिला के पति को जेल से मौके पर लाना पड़ा। पति को देखते ही महिला टावर से नीचे उतर आई, जिससे पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली।
एक दूसरे की बांहों में भरकर फूट-फूट कर रोने लगे
पति को सामने देख महिला टावर से नीचे आ गई और दोनों एक दूसरे से लिपटकर खूब रोने लगे। थोड़ी देर में महिला अपनी पति की बांहों में ही बेहोश हो गई। आनन-फानन में महिला को पुलिस कार्यालय के अंदर ले जाया गया। उसे पानी पिलाया गया फिर उसकी हालत स्थिर हो गई। एडिशनल पुलिस कमिश्नर विपिन टाडा ने बताया कि महिला के पति के खिलाफ उनकी मां द्वारा ही मुकदमा दर्ज कराया गया था, जिसमें पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराएं शामिल हैं। इसी मामले में आरोपी जेल में बंद था।
कोर्ट की अनुमति के बाद पेशी
कोर्ट की अनुमति के बाद आरोपी को तारीख पर लाकर मौके पर पेश किया गया, जिसके बाद महिला नीचे उतरी। पुलिस के अनुसार, पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 12 May 2026 at 17:36 IST