उत्तर प्रदेश: अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 6 लोग गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया।
- भारत
- 1 min read
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) विनायक भोसले के नेतृत्व में सदर पुलिस, एसओजी (विशेष अभियान समूह) और निगरानी टीम द्वारा चलाये गये संयुक्त अभियान में बृहस्पतिवार को पांच पिस्तौल, पांच तमंचे, 212 कारतूस और दो लाइसेंसी हथियार (एक राइफल और एक पिस्तौल) जब्त किए गए।
अपर पुलिस आयुक्त संजीव त्यागी ने बताया, “मुख्य आरोपी शुभम आगरा का रहने वाला है। वह फिरोजाबाद से हथियार खरीदता था और आगरा में तस्करी करता था। अन्य पांच आरोपी आदिल, अमजद, कासिम, आसिफ इकबाल और शैलेंद्र गुप्ता- फिरोजाबाद के रहने वाले हैं।” उन्होंने बताया, “आसिफ इकबाल के पास कारतूस का परमिट था, जिसका उसने रैकेट को सुविधाजनक बनाने के लिए दुरुपयोग किया। आगरा और फिरोजाबाद के बीच नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और हथियारों की आपूर्ति कहां से की गई, इसका पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।”
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 21 March 2025 at 18:50 IST