अपडेटेड 5 February 2024 at 13:20 IST
योगी सरकार के Budget में धार्मिक स्थलों पर फोकस, प्रयागराज महाकुंभ 2025 और अयोध्या के लिए बड़ा ऐलान
UP Budget 2024 : सीएम Yogi Adityanath के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। सरकार ने प्रदेश के लिए अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश किया है।
Uttar Pradesh Budget 2024: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। योगी सरकार ने प्रदेश के लिए अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश किया है। सरकार ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए राज्य के बजट का आकार बढ़ाकर 7.36 लाख करोड़ रुपये कर दिया है, जिसमें इसमें करीब 25 हजार करोड़ रुपये की नई योजनाएं शामिल हैं। इस बार सरकार के बजट में धार्मिक स्थलों पर भी फोकस किया गया है।
यूपी के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने विधानसभा में बजट पेश करते हुए कहा कि अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर के निर्माण से हमारे सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र को काफी प्रोत्साहन मिला है। अयोध्या दुनिया का बड़ा पर्यटन केंद्र बन गया है। उन्होंने कहा कि भारत और विश्व से यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है, जिससे हमारी आर्थिक स्थिति में काफी सुधार हुआ है।
बजट में धार्मिक स्थलों पर फोकस
बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने प्रयागराज महाकुंभ 2025 और अयोध्या के लिए बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि महाकुम्भ 2025 के लिए 100 करोड़ रुपये की बजट व्यवस्था प्रस्तावित की गई है। अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय रामायण और वैदिक शोध संस्थान के लिए 10 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं।
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने आगे बताया कि श्रृंगवेरपुर में निषाद राज गुहा सांस्कृतिक केंद्र के लिए 14.68 करोड़ रुपये, आजमगढ़ के हरिहरपुर में संगीत महाविद्यालय के निर्माण के लिए 11.79 करोड़ रुपये और चित्रकूट में महर्षि वाल्मीकि सांस्कृतिक केंद्र बनाने के लिए 10.53 करोड़ रुपये की बजट व्यवस्था प्रस्तावित है।
काशी-अयोध्या में श्रद्धालुओं की सुविधा पर ध्यान
सुरेश खन्ना ने कहा कि वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर से गंगा नदी तक रास्तों के विस्तार और सुधार के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में 4 से 5 गुना वृद्धि हुई है। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के मद्देनजर पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। ऐसे में 6 जगहों पर पार्किंग, जन सुविधाएं, रास्तों के चौड़ीकरण समेत तमाम विकास कार्य किए जा रहे हैं।
Published By : Amit Bajpayee
पब्लिश्ड 5 February 2024 at 12:37 IST