UP: कानपुर नगर निगम में जोरदार हंगामा, भाजपा और सपा पार्षद के बीच जूतम-पैजार, सदन की गरिमा तार-तार, VIDEO
कानपुर नगर निगम के बैठक के दौरान शनिवार को BJP और सपा पार्षद के बीच नोकझोंक मारपीट में बदल गई। दोनों नेताओं के बीच हुई मारपीट का VIDEO भी सामने आया है।
- भारत
- 2 min read
कानपुर नगर निगम के बैठक के दौरान शनिवार को जमकर हंगामा देखने को मिला। वार्ड परिसीमन के मुद्दे पर सपा और भाजपा के पार्षदों के बीच नोकझोंक मारपीट में बदल गई। सपा पार्षद रजत कौशिक बाजपेयी ने भाजपा पार्षद विकास जायसवाल पर हमला कर दिया। सदन में मौजूद अन्य पार्षदों ने तुरंत दौड़कर सपा पार्षद को पकड़ लिया, जिसके बाद पूरा सदन हंगामे से गूंज उठा।
बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा चल रही थी। वार्ड परिसीमन की बात शुरू होते ही दोनों पार्षदों के बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते सपा पार्षद ने भाजपा पार्षद पर हमला बोल दिया। मौके पर मौजूद अन्य पार्षद स्थिति संभाल पाते, उससे पहले हमला हो चुका था। हंगामे के बीच भाजपा पार्षद विकास जायसवाल ने ‘टोटी चोर’ के नारे लगाए। काफी देर तक सदन में बवाल जारी रहा। स्थिति बिगड़ते देख बैठक को करीब आधे घंटे के लिए स्थगित कर दिया गया।
सदन को दंगल बनाने पर भड़की महापौर
भाजपा पार्षद विकास जायसवाल ने आरोप लगाया कि सदन में हमारी सरकार को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। महापौर ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कहा कि यह सदन है, ऐसी दंगल का मैदान ना बनाए। बाहर जाकर लड़ो।
महिला पार्षदों में भी नोंकझोंक
भाजपा पार्षद लक्ष्मी कोरी, विकास जायसवाल और आलोक पांडेय मंच के पास पहुंच गए। इनका आरोप था कि पार्षद आलोक पांडेय के साथ आए एक युवक के साथ अभद्रता की गई। उस पर चोरी का आरोप लगाया गया। तीनों पार्षद मेयर से बात कर रहे थे। इस पर सपा सांसदों ने विरोध जताया।
पवन गुप्ता सदन में प्रवेश पर हंगामा
इसके अलावा हाल ही में निष्कासित भाजपा पार्षद पवन गुप्ता के सदन में प्रवेश और नगर निगम में कथित 100 करोड़ रुपये के टेंडर घोटाले को लेकर भी विपक्षी पार्षदों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पार्षदों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। पार्षद गोविंद ने कहा कि उनके क्षेत्र में दो साल से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है। टेंडर प्रक्रिया और विभिन्न समितियों की भूमिका को लेकर भी सवाल किए गए तथा नगर आयुक्त से स्पष्ट जवाब मांगा गया।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 26 September 2026 at 21:47 IST