UP MLC Chunav: 'सपा के पक्ष में प्रतिक्रिया', वोटिंग के बीच बोले राम गोपाल यादव, ब्रजेश पाठक ने कहा- गुंडे और माफिया को स्वीकार नहीं करेंगे लोग
यूपी में शिक्षक एमएलसी चुनाव के तहत जारी वोटिंग के बीच सपा नेता राम गोपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के पक्ष में प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। वहीं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का कहना है कि उत्तर प्रदेश की जनता अब गुंडे और माफिया को स्वीकार नहीं करेगी।
- भारत
- 3 min read
UP MLC Election Voting: उत्तर प्रदेश में 11 सीटों पर शिक्षक MLC चुनाव के लिए सुबह 8 बजे से मतदान जारी है। राज्य में कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव को छोड़कर सभी 72 जिलों में वोट डाले जा रहे हैं। वोटिंग के बीच, समाजवादी पार्टी के नेता राम गोपाल यादव ने कहा कि उन्हें सपा के पक्ष में प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
सपा सांसद राम गोपाल यादव ने सैफई में ग्रेजुएट्स MLC चुनाव के लिए अपना वोट डाला। इसके बाद उन्होंने कहा, 'मैं यहां की प्रतिक्रिया देख रहा हूं तो इटावा में तो प्रतिक्रिया समाजवादी पार्टी के पक्ष में है। इसके अलावा फिरोजाबाद, आगरा में भी है और सबसे ज्यादा अलीगढ़ में है; तो हमारे दोनों उम्मीदवार जीतेंगे।'
लोग गुंडे और माफिया को स्वीकार नहीं करेंगे- ब्रजेश
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपने मताधिकार का प्रयोग करने के बाद कहा, ‘भाजपा के प्रत्याशी सभी 11 सीटों पर एकतरफा जीत रहे हैं। समाजवादी पार्टी के मुखिया अच्छी तरह जानते हैं कि गुंडे बदमाश जेलों में सड़ रहे हैं, सपा उन्हीं के सहयोग से सत्ता पाती रही है। उत्तर प्रदेश के लोग अब गुंडे और माफिया को स्वीकार नहीं करेंगे।’
BJP के 11 प्रत्याशी बड़े अंतर से जीतने जा रहे- भूपेंद्र
मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा, 'उत्तर प्रदेश विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक की 11 सीटों पर राज्य में चुनाव है। हमारी सरकार ने शिक्षकों के लिए शिक्षा जगत के लिए काम किए हैं। हम लोगों ने एक लंबा कैंपेन पार्टी के सभी प्रत्याशियों के पक्ष में चलाया है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि जिस प्रकार का प्रतिक्रिया और सहयोग हमें चुनाव कैंपेन के समय मिला है। उसके आधार पर मैं निश्चित रूप से कह सकता हूं कि भारतीय जनता पार्टी के 11 के 11 प्रत्याशी बड़े अंतर से चुनाव जीतने जा रहे हैं।'
ओपी राजभर क्या बोले?
मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने MLC चुनाव पर कहा, 'यह सरकार का चुनाव है। सरकार जीतेगी। नहीं, मैं इसे पूर्वाभ्यास नहीं मानता क्योंकि ये प्रबुद्ध लोगों का चुनाव है। आम जन का चुनाव नहीं है। इसको मैं पूर्वाभ्यास नहीं मानता।'
हम एकतरफा चुनाव जीतेंगे- स्वतंत्र देव
जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने MLC चुनाव पर कहा, 'हम एकतरफा चुनाव जीतेंगे।' उन्होंने रामगोपाल के बयान पर कहा, 'क्या करेंगे लूटने आएंगे? समाजवादी पार्टी का काम क्या है? इनकी सत्ता में ना बिजली आती थी, गुंडागर्दी चरम सीमा पर थी, जनता सुरक्षित महसूस नहीं करती थी। जब घर का आदमी बाहर जाता था, तो महिलाएं इंतजार करती थी कि वे घर लौटेंगे या नहीं। 5 बजे के बाद घर से कोई निकल नहीं सकता था। मतदाता इन्हें क्यों वोट देंगे? मतदाता अपना मन बना चुके हैं। सदन के अंदर बीजेपी की पूर्ण बहुमत है। और बंपर तरीके से जीतकर जाएंगे।'
RJD उम्मीदवार के घर पुलिस पहुंचने पर मनोज झा
वहीं MLC चुनाव में आरजेडी उम्मीदवार डॉक्टर संजीव के घर पुलिस पहुंचने पर मनोज कुमार झा ने कहा, 'ये सवाल कायदे से प्रधानमंत्री के पास जाना चाहिए था। गृहमंत्री के पास जाना चाहिए था। ये सवाल कि ठीक चुनाव से पूर्व संध्या, पूर्व रात्रि एसटीएफ घर पहुंच जाती है। इसे हम क्या नाम दें? डेमोक्रेसी के स्वरूप को क्या कहा जाए? इस तरह का डर अच्छा लगता है। ये लोग पटना से लेकर दिल्ली तक खौफ में रह रहे हैं। जनता आज नहीं तो कल बता देगी।'
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 23 October 2026 at 12:25 IST