UP: लखनऊ में बुलडोजर एक्शन, किसान पथ और न्यू हैदराबाद में बने अवैध निर्माण को किया गया ध्वस्त
UP: लखनऊ विकास प्राधिकरण ने किसान पथ पर 25 बीघा अवैध प्लाटिंग और न्यू हैदराबाद में अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया है। कोर्ट के आदेश के बाद ये सख्त कार्रवाई की गई। पढ़ें पूरी खबर।
Lucknow Bulldozer Action: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो बड़े अभियान चलाए। प्रशासन ने किसान पथ के पास बड़े स्तर पर हो रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया और महानगर क्षेत्र में स्वीकृत मानचित्र के उल्लंघन वाले निर्माण को भी गिरा दिया। प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि डॉ. हलीम और अन्य लोगों द्वारा पीजीआई के कल्ली पश्चिम इलाके में किसान पथ के पास लगभग 25 बीघा जमीन पर बिना एलडीए से लेआउट स्वीकृति लिए अवैध प्लाटिंग का काम किया जा रहा था।
बुलडोजर चलाकर प्लाटिंग को तोड़ा
इस इलाके में अनाधिकृत कालोनी विकसित की जा रही थी। अभियान के दौरान बुलडोजर चलाकर पूरी अवैध प्लाटिंग को तोड़ दिया गया। इसके साथ ही प्रवर्तन जोन-6 के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने बताया कि महानगर के न्यू हैदराबाद स्थित श्याम लाल की बगिया में सतीश कुमार और अन्य द्वारा लगभग 200 वर्ग मीटर के भूखंड पर स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण कार्य चल रहा था। इस मामले में न्यायालय ने ध्वस्तीकरण का आदेश पारित किया था।
अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त
कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए सहायक अभियंता सतीश कुमार यादव के नेतृत्व में अवर अभियंता सुनील कुमार और केपी सिंह की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। एलडीए प्रशासन का कहना है कि शहर में अवैध निर्माण और प्लाटिंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस तरह की कार्रवाई से एक तरफ जहां शहर का विकास व्यवस्थित होगा, वहीं आम नागरिकों को भी नियमों का पालन करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण से ट्रैफिक और पर्यावरण पर बुरा असर पड़ता है। एलडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 2 April 2026 at 23:37 IST