UP: कौशांबी में कहर बनकर आई आंधी, कच्चे मकान पर गिरा विशालकाय पेड़; मां और उसके बगल में सो रहे 2 मासूम बच्चों की मौके पर मौत
उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के एक गांव में कच्चे मकान पर विशालकाय पेड़ गिरने से मकान ढह गया। इस हादसे में मां समेत दो बच्चों की मौके पर मौत हो गई।
- भारत
- 2 min read
उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले में गुरुवार रात आई तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश ने जमकर तबाही मचाई। अलग-अलग क्षेत्रों में हुए हादसों में लोगों की जान भी चली गई। वहीं, कौशाम्बी में आंधी तूफान और बारिश की वजह कच्चा मकान पर एक विशाल पेड़ गिरने मां-बेटे समेत तीन की मौत हो गई। हादसे में एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा है।
कौशाम्बी जिले के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के एक गांव में कच्चे मकान पर पेड़ गिरने से मकान ढह गया। इस हादसे में मां समेत दो बच्चों की मौके पर मौत हो गई। वहीं, हादसे में एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया,जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई।
मां के साथ सो रहे थे बच्चे
हादसे के समय परिवार घर के अंदर मौजूद था और सभी मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों की मदद से जब तक मलबा हटाया गया, तब तक 26 वर्षीय माया देवी, उनके 3 वर्षीय बेटे अनुभव और 5 वर्षीय बेटी श्वेता की मौत हो चुकी थी। वहीं 7 वर्षीय अंकुश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने राहत कार्य शुरू कराया।
पेड़ गिरने से ढह गया मकान
माया देवी अपने तीन बच्चों के साथ कच्चे मकान में सो रही थीं। तभी तेज आंधी में एक विशालकाय नीम पेड़ उनके मकान पर गिर पड़ा, जिससे पूरा मकान धड़ाम से ढह गया। पूरे परिवार के मलबे में दब जाने से आसपास चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मलबा हटाने में जुट गए। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई। मगर मलबे से जब पूर परिवार निकला तो तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। 7 वर्षीय बेटा अंकुश गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के समय घर मौजूद नहीं थे पिता
मृतका माया देवी के पति मंगर सरोज घटना के समय घर पर नहीं थे। वे ईंट-भट्ठे पर काम करने गए हुए थे। सूचना मिलते ही वह घर पहुंचे और परिवार की यह दर्दनाक स्थिति देखकर बेकाबू हो गए। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और मातम का माहौल छाया हुआ है। घटना पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र की है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 29 May 2026 at 10:25 IST