अखिलेश यादव की बेटी पर अभद्र टिप्पणी मामले में गरजे CM योगी, तो रवि किशन बोले- राजनीतिक विचारधाराएं अलग-अलग...
Ravi Kishan Statement: आजमगढ़ में सीएम योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव पर सोशल मीडिया पर हुई अभद्र टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए तुरंत FIR दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेटियों का अपमान बर्दाश्त नहीं होगा। जिसकी भाजपा सांसद रवि किशन ने भी सराहना की है।
- भारत
- 3 min read
Ravi Kishan Statement: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की बड़ी बेटी अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर हुई अभद्र और अनुचित टिप्पणी को लेकर एक बेहद बड़ा बयान दिया।
इसके बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा हो गई। इसी बीच अब गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन का बयान भी सामने आया है। उन्होंने CM योगी आदित्यनाथ के इस कदम और बयान का खुलकर समर्थन किया है।
सांसद रवि किशन ने की CM योगी की तारीफ
रवि किशन ने कहा कि किसी पर भी इस तरह के व्यक्तिगत हमले नहीं होने चाहिए और महिलाओं का सम्मान करना ही भाजपा की असली संस्कृति है। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई का निर्देश देकर पूरे प्रदेश और आम लोगों के बीच एक बहुत बड़ा और सकारात्मक संदेश भेजा है।
भाजपा सांसद के मुताबिक, इस कदम से समाज में यह बात साफ गई है कि विभिन्न दलों की राजनीतिक विचारधाराएं भले ही अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर किसी के भी परिवार या बेटियों के बारे में अपशब्दों का इस्तेमाल करना और व्यक्तिगत हमला करना कतई सही नहीं है।
CM योगी ने सपा कार्यकर्ताओं को दी सख्त नसीहत
दरअसल, CM योगी ने आजमगढ़ में जनसभा के दौरान कहा कि जैसे ही अखिलेश यादव की बेटी का मामला उनके संज्ञान में आया, उन्होंने तुरंत पुलिस को इस संबंध में FIR दर्ज करने और सख्त एक्शन लेने का निर्देश दिया। CM योगी ने कड़े शब्दों में कहा कि बेटी तो सबकी बेटी होती है और किसी भी बेटी के खिलाफ कोई भी अपमानजनक या अभद्र टिप्पणी किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं की जानी चाहिए।
CM योगी ने इस कार्रवाई की जानकारी देने के साथ ही समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को भी आड़े हाथों लिया और उनके कार्यकर्ताओं को नसीहत दी। उन्होंने कहा, ‘हम तो उन संस्कारों में पले-बढ़े हैं जहां माना जाता है कि गांव की बेटी सबकी बेटी और गांव की बहन सबकी बहन होती है, इसलिए हमने कार्रवाई करने में कोई भेदभाव नहीं किया।
इसके बाद उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश जी दूसरों को उपदेश देने से पहले अपने चेले-चपाटों को भी थोड़ा उपदेश दे दें कि वे अपनी भाषा में संयम बरतें।
Published By : Shashank Kumar
पब्लिश्ड 14 June 2026 at 20:08 IST