उमेश पाल की पत्नी जया पाल की राजनीतिक पारी, BJP में मिला बड़ा पद, पति की प्रयागराज में सरेआम अतीक अहमद-अशरफ ने कराई थी हत्या
24 फरवरी 2023 को जिस उमेश पाल की हत्या ने देशभर की सुर्खियां बटोरी थी, उनकी पत्नी जया पाल को भाजपा ने ओबीसी मोर्चा का प्रदेश मंत्री बनाया है।
- भारत
- 2 min read
भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को मोर्चों की प्रदेश टीम का ऐलान कर दिया। इसमें महिला मोर्चा, किसान मोर्चा और अनुसूचित मोर्चा शामिल है। ओबीसी मोर्चा, महिला मोर्चा व अनुसूचित मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष भी घोषित कर दिए गए हैं। 24 फरवरी 2023 को जिस उमेश पाल की हत्या ने देशभर की सुर्खियां बटोरी थी, उनकी पत्नी जया पाल को भाजपा ने ओबीसी मोर्चा का प्रदेश मंत्री बनाया है।
वहीं, नैनी की निवासी पूजा बिंद को भी प्रदेश मंत्री का पद किया गया है। महिला मोर्चा की प्रदेश टीम में प्रयागराज निवासी व पूर्व सदस्य राज्य महिला आयोग अनीता सिंह को प्रदेश महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई। जया पाल कोई आम चेहरा नहीं हैं। वह बहुचर्चित उमेश पाल हत्याकांड की मुख्य गवाह और पीड़ित हैं। गौरतलब है कि 24 फरवरी 2023 को प्रयागराज में दिनदहाड़े अधिवक्ता उमेश पाल और उनकी सुरक्षा में तैनात दो सरकारी गनरों की बम और गोलियां मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी।
इस सनसनीखेज वारदात का सीधा आरोप माफिया अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ और उनके गुर्गों पर लगा था। इस खौफनाक घटना के बाद, 15 अप्रैल 2023 को पुलिस कस्टडी में मेडिकल के लिए ले जाते समय अतीक और अशरफ की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान जया पाल ने जिस तरह से न्याय के लिए लड़ाई लड़ी, उसने उन्हें एक मजबूत महिला के रूप में स्थापित किया।
2027 के लिए शहर पश्चिमी सीट से दावेदारी की सुगबुगाहट
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जया पाल को प्रदेश मंत्री का पद देना केवल सहानुभूति नहीं, बल्कि एक सोची-समझी सियासी रणनीति का हिस्सा है। प्रयागराज की राजनीति में चर्चाएं तेज हैं कि जया पाल आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में ‘शहर पश्चिमी’ सीट से भाजपा की प्रबल दावेदार हो सकती हैं। यह वही सीट है जहां कभी माफिया अतीक अहमद का दबदबा हुआ करता था और इसी क्षेत्र में उमेश पाल की हत्या हुई थी।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 2 October 2026 at 14:48 IST