अपडेटेड 7 October 2024 at 17:25 IST
UP उपचुनाव: करहल सीट पर सपा मुलायम परिवार से उतारेगी उम्मीदवार, तेज प्रताप यादव का नाम फाइनल
UP ByPolls: सोमवार को सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने करहल में एक सभा को संबोधित करते हुए तेज प्रताप यादव के नाम की घोषणा की है।
UP By Election 2024: उत्तर प्रदेश में 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में समाजवादी पार्टी ने अपनी पहली चाल चलदी है। लोकसभा के बाद विधानसभा उपचुनाव में भी समाजवादी पार्टी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है। सपा ने करहल विधानसभा में होने वाले उपचुनाव में तेजप्रताप यादव को अपना प्रत्याशी बनाया है।
सोमवार को सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने करहल में एक सभा को संबोधित करते हुए तेजप्रताप यादव के नाम की घोषणा की है। रामगोपाल यादव ने कहा कि करहल उपचुनाव में सैफई परिवार का ही व्यक्ति चुनाव लड़ेगा और यहां से सपा प्रत्याशी तेज प्रताप यादव होंगे। इस घोषणा के बाद सभा में तालियों की गूंज सुनाई दी। उन्होंने कहा कि सपा ने हमेशा दलितों, पिछड़ों और गरीबों के अधिकारों की लड़ाई लड़ी है। अब लोग सपा के साथ जुड़ रहे हैं।
7 सीटों पर कैंडिडेट तय!
यूपी में जिन 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है, 2022 के चुनाव में सपा ने इनमें से 5 सीटें जीती थीं। समाजवादी पार्टी अपनी 5 सीटों को बरकरार रखने के साथ-साथ कुछ और सीटों पर भी कब्जा जमाने की कोशिश में है। सूत्र दावा कर रहे हैं कि 10 में से 7 सीटों पर समाजवादी पार्टी ने कैंडिडेट तक तय कर लिए हैं।
- करहल सीट: पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव
- मिल्कीपुर सीट: अजीत कुमार
- कटेहरी: छाया वर्मा
- कुंदरकी: पूर्व विधायक रिजवान
- मीरापुर: पूर्व विधायक कादिर राणा
- सीसामऊ: इरफान सोलंकी की पत्नी
- खैर: ओम पाल सिंह
2022 के विधानसभा चुनाव में करहल, सीसामऊ, मिल्कीपुर, कटेहरी और कुंदरकी समाजवादी पार्टी के खाते में आई थीं। खैर, गाजियाबाद और फूलपुर सीट पर भारतीय जनता पार्टी को जीत मिली, जबकि मझवां सीट निषाद पार्टी और मीरापुर विधानसभा में राष्ट्रीय लोकदल के उम्मीदवार को जीत मिली थी।
अब क्यों हो रहा है इन सीटों पर उपचुनाव?
10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की स्थिति लोकसभा चुनाव नतीजों से बनी। 9 विधानसभा सीट से विधायक रहे नेता 2024 के लोकसभा चुनाव में सांसद चुने गए हैं, जिनमें अखिलेश यादव भी शामिल हैं। सीसामऊ सीट पर सपा नेता इरफान सोलंकी की विधायकी चली जाने के बाद सीट खाली हुई है।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 7 October 2024 at 17:16 IST