अपडेटेड 28 February 2025 at 13:41 IST
7 मिनट का वीडियो, पत्नी के प्रताड़ना की कहानी...अतुल सुभाष की तरह आगरा में IT मैनेजर ने की खुदकुशी; बीवी बोली- सब पास्ट था
पत्नी के उत्पीड़न से तंग आकर TCS कंपनी के मैनेजर ने खुदकुशी कर ली। उसने गले में फंदा डालकर एक लाइव वीडियो बनाया और सुसाइड के लिए पत्नी को जिम्मेदार बताया।
यूपी के आगरा में पत्नी के उत्पीड़न से तंग आकर TCS कंपनी के मैनेजर ने खुदकुशी कर ली। उसने गले में फंदा डालकर रोते हुए एक लाइव वीडियो बनाया और सुसाइड के लिए पत्नी को जिम्मेदार बताया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस घटना ने अतुल सुभाष के खुदकुशी की याद दिला दी है। इस मामले में मृतक मानव के पिता ने थाना सदर में तहरीर दी है। वहीं अब पत्नी का बयान भी सामने आया है। उसका कहना है कि जो मानव ने कहा वो उनके पास्ट में रहा था लेकिन शादी के बाद से कुछ नहीं है। साथ ही उसने कहा कि मानव ने शराब के नशे में उनके साथ भी मारपीट की थी जिसकी जानकारी उन्होंने अपने ससुर और ननद को दी थी।
जानकारी के मुताबिक 24 फरवरी की सुबह 5 बजे मानव ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। 26 फरवरी को एयरफोर्स से रिटायर्ड पिता नरेंद्र कुमार शर्मा तहरीर लेकर थाने गए। पिता के अनुसार, मानव की शादी 30 जनवरी 2024 को से हुई थी। बेटा टीसीएस में था, इसलिए बहू को मुंबई ले गया। बहू आए दिन झगड़ा करती थी और परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देती थी। बहू अपने ब्वायफ्रेंड के साथ रहने की बात कहती थी। 23 फरवरी को बहू और बेटे मुंबई से घर आए। उसी दिन मानव पत्नी को छोड़ने मायके गया था। पिता का आरोप है कि यहां मानव को बहू के मायके वालों ने धमकाया।
7 मिनट का बनाया वीडियो, सुबह 5 बजे कर ली खुदकुशी
इसी अवसाद में आकर युवक ने 24 फरवरी की सुबह पांच बजे आत्महत्या कर ली। जानकारी होने पर स्वजन युवक को मिलिट्री अस्पताल लाए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर सदर विरेश पाल गिरि का कहना है कि स्वजन ने पोस्टमार्टम के समय कोई तहरीर नहीं दी। इसके बाद भी वे थाने में तहरीर लेकर नहीं आए। गुरुवार देर रात वाट्सएप पर तहरीर मिली है। इस पर ही मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। आपको बता दें कि मानव का 6.57 मिनट का वीडियो दिल दहलाने वाला है। फंदे कसकर वीडियो बनाते समय कई बार भावुक होते हैं। कहते हैं मैं तो चला जाऊंगा। मर्दों का सोचो, प्लीज सोचो, मर्दों के बारे में कोई तो बात करे। बेचारे बहुत अकेले हैं। पापा सॉरी, मम्मी सॉरी, अक्कू सॉरी। मेरे जाते ही सब कुछ ठीक हो जाएगा।
मानव की पत्नी का बयान भी आया सामने
अपने बयान में कहा कि मेरे पति ने सुसाइड किया है। जिस दिन उन्होंने सुसाइड किया उसी दिन मानव मुझे मेरे घर छोड़कर गए थे। मैंने वीडियो देखा है उनका। उन्होंने आरोप लगाए हैं कि मेरे कारण सुसाइड कर रहे हैं। लेकिन वो सभी चीजें मेरा पास्ट था और शादी से पहले थीं शादी के बाद नहीं। ये सुनकर उन्होंने पीना शुरू किया, हल्ला मचाया और खुद को नुकसान पहुंचाया।
दो-तीन बार फांसी लगाने की कोशिश की। मैंने उन्हें तीन बार बचाया, फांसी का फंदा काटा। बचाकर उन्हें आगरा लेकर आई। मुझे खुशी-खुशी घर छोड़कर गए और उसी रात सुसाइड कर ली। पत्नी ने कहा, मानव मुझे भी मारते थे। मुझे भी गुस्से में पीकर धक्का-मुक्की, हाथ काटना सारी हरकतें करते थे। मेरे साथ उन्होंने मारपीट करना शुरू किया।
पत्नी का कहना है कि उन्होंने मानव के बारे में मानव के माता-पिता को जानकारी दी थी। उसने कहा कि मानव के मम्मी-पापा को बताया था कि वो पीकर ये सब हरकत करता है और आपमें से किसी एक को यहां होना चाहिए। इस पर माता-पिता ने जवाब दिया कि ये तुम्हारे पति-पत्नी के बीच का मामला है इसमें तीसरा कुछ नहीं कर सकता। वो आए और दो दिन रुककर चले गए।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 28 February 2025 at 13:41 IST