अपडेटेड 19 March 2025 at 20:02 IST
सात दरोगाओं के हाथपैर तोड़ने वाले बयान पर भड़के स्वामी प्रसाद मौर्य, कहा- भाजपा में सब रंगे सियार, संजय निषाद पर साधा निशाना
स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि बिना विज्ञापन निकाले प्रदेश के सभी मेडिकल कालेजों में एक विशेष वर्ग के लोगों को नियुक्ति दी जा रही है।
Swami Prasad Maurya : यूपी के कौशाम्बी जिले में बुधवार को आयोजित संविधान सम्मान व जनहित हुंकार रथ यात्रा में मुख्य अतिथि के तौर पर कौशाम्बी पहुंचे यूपी के पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने मीडिया को सम्बोधित करते हुए कहा कि पूरे देश व प्रदेश में आज बेरोजगारी सबसे बड़ी समस्या है।
उन्होंने कहा कि करोड़ों नौजवान दर-दर की ठोकरे खा रहा है। सरकारी नौकरियां नदारद है। महंगाई असमान पर है जिसे लेकर आम आदमी परेशान है। अनुसूचित जाति व जनजाति पिछड़े वर्गों का आरक्षण निष्क्रिय किया जा रहा है। रिटर्न परीक्षाओं में यदि एससी, ओबीसी के अभ्यर्थी यदि पास भी होते हैं तो सेलेक्शन में उनको नॉट फाउंड दिखाकर उनको बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा है। और भारतीय जनता पार्टी अपने चेहेतों को नौकरियां देने का काम कर रही है।
एक विशेष वर्ग के लोगों को नियुक्ति दी जा रही है- स्वामी प्रसाद मौर्य
स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि बिना विज्ञापन निकाले प्रदेश के सभी मेडिकल कालेजों में एक विशेष वर्ग के लोगों को नियुक्ति दी जा रही है। किसानों की समस्या मुंह बहाए खड़ी है। तीन वर्षों से किसान दिल्ली की सीमा पर आंदोलन कर रहे हैं। लेकिन सरकार आज तक न्यूनतम समर्थन मूल्य की घोषणा नहीं कर पाई है। छुट्टा जानवरों द्वारा किसानों की फसलें बर्बाद हो रही है। सरकार इस पर कोई ध्यान नहीं दे रही है। प्रदेश में 27 हजार प्राइमरी विद्यालय बंद कर दिये गये है। जो कि सरकार की सबसे बड़ी असफलता है। अस्पतालों में दवाएं नदारद हैं। गरीब जाता है तो उन्हें बाहर से दवाएं की पर्ची लिखी जाती है। इनको दवाएं नि: शुल्क नहीं दी जाती है।
जनता का ध्यान भटकाने के लिए सरकार मंदिर मस्जिद के मुद्दे को उठाया- स्वामी प्रसाद मौर्य
भारतीय जनता पार्टी अराजकता के रास्ते पर आगे बढ़ चुकी है। इनकी नीयत में खोट है। जनता का ध्यान भटकाने के लिए सरकार मंदिर मस्जिद के मुद्दे को उठा रही है। इस यात्रा के माध्यम से मैं सोई हुई सरकार को जगाने का काम कर रहा हूं।
भाजपा में सारे रंगे सियार है- स्वामी प्रसाद मौर्य
भाजपा सरकार में मंत्री संजय निषाद के सात दरोगाओं के हाथ पैर तोड़ कर यहां तक आने की बात पर स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा के मंत्री खुद अपने को कुख्यात अपराधी बता रहे हैं। यह भात का एक चावल है, जिसकी कलई खुली है। सारे ऐसे रंगे सियार है, जिनके चरित्र को यदि खोदा जाएगा तो इसी प्रकार के सब लोग निकलेंगे।
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 19 March 2025 at 19:21 IST