अपडेटेड 6 March 2024 at 15:36 IST
UP Constable Paper Leak : STF की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई, 6 आरोपियों को आंसर शीट के साथ दबोचा
UP Police paper leak case : यूपी पुलिस पेपर लीक मामले में STF ने 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार है। गिरफ्तार किए गए सभी 6 आरोपी मेरठ के रहने वाले हैं।
UP Police Paper Leaked : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में STF को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। STF ने पेपर लीक मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से प्रश्न पत्र और आंसर शीट भी बरामद हुई है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान पहचान साहिल, दीपक, बिट्टू, रोहित, प्रवीण और नवीन के रूप में हुई है।
गिरफ्तार किए गए सभी 6 आरोपी मेरठ के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 18 फरवरी को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा की दूसरी पाली के पेपर इन्हें एक दिन पहले 17 फरवरी को ही मिल गया था। बतादें, 17 और 18 फरवरी को आयोजित की गई सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा में सेंधमारी कर पेपर लीक किया गया है। इस मामले में इससे पहले मुजफ्फरनगर से भी एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई थी।
पुलिस भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष पर कार्रवाई
उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के पेपर लीक होने और परीक्षा रद्द करने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की अध्यक्ष रेणुका मिश्रा पर कार्रवाई करते हुए पद से हटा दिया था। सरकार ने 1990 बैच की IPS अधिकारी रेणुका मिश्रा को 14 जून, 2023 को महानिदेशक और अध्यक्ष पुलिस भर्ती एंव प्रोन्नति बोर्ड की जिम्मेदारी सौंपी थी।
48 लाख से अधिक अभ्यर्थी हुए शामिल
पेपर लीक होने के आरोपों के बाद राज्य सरकार ने 24 फरवरी को उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा रद्द कर दी थी और छह महीने के भीतर दोबारा परीक्षा कराने का आदेश दिया था। राज्य सरकार ने आरोपों की जांच STF से कराने की भी घोषणा की थी। इसी साल 17 और 18 फरवरी को आयोजित परीक्षा में राज्य भर में 48 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 6 March 2024 at 15:24 IST