अपडेटेड 18 March 2026 at 16:46 IST

Mathura: चलती स्कूली बस बनी आग का गोला, छुट्टी के बाद बच्चों को छोड़ने जा रही थी घर; बाल-बाल बची मासूमों की जान- VIDEO

Mathura: मथुरा में बच्चों से भरी स्कूल बस अचानक चलते-चलते आग का गोला बन गई। इस दौरान वहां से गुजर रहे एक दारोगा ने तत्परता दिखाते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।

Follow :  
×

Share


School Bus Catches Fire:  उत्तर प्रदेश के मथुरा में बुधवार को उस वक्त एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब चलते-चलते एक स्कूली बस अचानक आग का गोला बन गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय बस में करीब दर्जनभर बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि वहां से गुजर रहे एक दारोगा की नजर बस से उठते धुएं पर पड़ी और उन्होंने तुरंत मौके पर  पहुंचकर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।

यह घटना बरेली हाईवे पर बाद क्षेत्र से करीब तीन किलोमीटर आगे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, स्कूल की बस बच्चों को छुट्टी के बाद घर छोड़ने जा रही थी। इसी बीच अचानक इंजन से धुआं उठने लगा और अचानक आग भड़क गई। मौके पर चीख-पुकार मच गई।

दारोगा ने नहीं की अपनी जान की परवाह और…

तभी वीआईपी ड्यूटी से लौट रहे मांट थाने के एसआई सतेंद्र सिंह की नजर बस से उठते विकराल धुएं पर पड़ी। उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी आगे लगाई और बस को रुकवाया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने बिना अपनी जान की परवाह किए और समय गंवाए सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।

घटना का वीडियो आया सामने

इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस धूं-धूंकर जलने लगी। इसके बाद आग के बड़े गोले में तब्दील हो गई। अचानक आग लगने से बस में अफरा-तफरी मच गई। मगर दारोगा की सूझबूझ से सभी बच्चों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। अगर चंद मिनट की भी देरी होती, तो बड़ी जनहानी हो सकती थी।  

अभिभावकों ने दारोगा का जताया आभार

जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों और राहगीरों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की। वहीं अभिभावकों को जब इस घटना के बारे में पता चला तो वो परेशान हो गए। हालांकि पूरी बात जानने के बाद उन्होंने भी राहत की सांस ली। अभिभावकों ने दारोगा की बहादुरी और सतर्कता के लिए उनका आभार व्यक्त किया। 

यह भी पढ़ें: BREAKING: चंडीगढ़ सेक्टर-22 की मोबाइल मार्केट में भीषण आग लगने के बाद अफरा-तफरी, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 18 March 2026 at 16:46 IST