UP: पूरे संभल में 500 से अधिक मस्जिदें, 4000 जवान तैनात, अलविदा जुम्मे की नमाज से पहले भारी बंदोबस्त
भल के अकेले कोतवाली थाना क्षेत्र में तकरीबन 128 छोटी बड़ी मस्जिदें हैं, जिनमें नमाज पढ़ी जाएगी। इनमें जामा मस्जिद भी शामिल है।
Sambhal: उत्तर प्रदेश का संभल काफी समय से संवेदनशील बना है। खासकर पिछले साल नवंबर में हुई हिंसा के बाद संभल पर लगातार सबकी नजर टिकी है। यहां शाही जामा मस्जिद को लेकर विवाद है, जिसे हिंदू पक्ष हरिहर मंदिर बताता है। फिलहाल शुक्रवार को अलविदा जुम्मे की नमाज है और सुरक्षा के लिहाज से यहां खास बंदोबस्त किए गए हैं। 4 हजार के करीब सुरक्षाकर्मी पूरे संभल में लगाए गए हैं।
संभल में अलविदा जुम्मे की नमाज के लिए चप्पे चप्पे पर भारी पुलिस फोर्स तैनात रहेगी। इसमें संभल के सभी इलाकों में 10 कंपनियां पैरा मिलिट्री फोर्स, 7 PAC कंपनियां और 3 कंपनी RRF तैनात हैं। उसके अलावा एक कंपनी RAF फोर्स भी तैनात रहेगी। पुलिस फोर्स मिलाकर तकरीबन पूरे संभल में 4 हजार से ज्यादा जवान और अधिकारी अलग अलग लोकेशन में तैनात रहेंगे। प्रशासन की तरफ से 16 मजिस्ट्रेट और राजस्व के अधिकारी भी अलग अलग टुकड़ियों में घूमेंगे। पुलिस और प्रशासन से एसपी, डीएम, ADM, SDM, 2 ASP, 7 CO समेत इंस्पेक्टर टुकड़ियों के साथ नजर रखेंगे।
संभल में 500 से अधिक मस्जिदें, आसमान से रहेगी नजर
पुलिस टीम 3 ड्रोन के जरिए हवाई सर्वे करेगी और पूरे संभल जोन पर नजर रखी जाएगी। संभल के शहरी क्षेत्र में तकरीबन 1300 सीसीटीवी कैमरों के जरिए कंट्रोल रूम से नजर रखी जाएगी। संभल के अकेले कोतवाली थाना क्षेत्र में तकरीबन 128 छोटी बड़ी मस्जिदें हैं, जिनमें नमाज पढ़ी जाएगी। इनमें जामा मस्जिद भी शामिल है। अगर पूरे संभल क्षेत्र के 3 पुलिस थानों के आंकड़े मिलाएं तो थाना कोतवाली, थाना नखासा और थाना हयात नगर थाना क्षेत्र में तकरीबन 400 से ज्यादा छोटी बड़ी मस्जिदें हैं। कोतवाली क्षेत्र में 6 ईदगाह हैं। इन सभी के धर्म गुरुओं के संपर्क में पुलिस और संभल प्रशासन अलविदा जुम्मा को सफल बनाने में जुटा हुआ है।
शाही जामा मस्जिद में नमाज की तैयारी कैसी?
अलविदा जुम्मे की नमाज को लेकर संभल की शाही जामा मस्जिद या यूं कहें कि यहां की सबसे बड़ी मस्जिद में बड़े स्तर पर तैयारी की गई है। शाही जामा मस्जिद के अंदर हरे रंग के टेंट लगाए गए हैं। मस्जिद की बाउंड्री पर शामियाना बनाया गया है और कारपेट लाए गए हैं। फिलहाल यहां प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और हर स्थिति पर बारीकी से नजर है।
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 28 March 2025 at 09:50 IST