UP: सहारनपुर के टायर फैक्ट्री में भीषण धमाका, 2 मजदूरों की मौत, कई झुलसे; 7 दिन पहले ही हुआ था उद्घाटन
सहारनपुर जिले के शेखपुरा औद्योगिक क्षेत्र में रविवार देर शाम एक टायर फैक्ट्री में भीषण धमाका और आग लगने से हड़कंप मच गया।
- भारत
- 2 min read
सहारनपुर जिले के शेखपुरा औद्योगिक क्षेत्र में रविवार देर शाम एक टायर फैक्ट्री में भीषण धमाका और आग लगने से हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, वेल्डिंग कार्य के दौरान फैक्ट्री के बॉयलर में अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में दहशत फैल गई और फैक्ट्री परिसर से काले धुएं का गुबार उठने लगा। घटना के समय फैक्ट्री में सात मजदूर काम कर रहे थे। दो मजदूर की मौके पर मौत हो गई। जबकि अन्य पांच मजदूरों को पुलिस और फायर ब्रिगेड की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूत्रों के अनुसार, जिस फैक्ट्री में यह हादसा हुआ, उसका उद्घाटन अभी 19 अक्टूबर को ही किया गया था, जिसमें औद्योगिक विकास मंत्री जसवंत सैनी और आचार्य प्रमोद कृष्णन जैसे प्रमुख लोग शामिल हुए थे। हादसे के बाद फैक्ट्री में लगी आग को बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
विस्फोट कैसे हुआ? फोरेंसिक टीम कर ही जांच
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि यह फैक्ट्री थाना देहात कोतवाली क्षेत्र के शेखपुरा कदीम इलाके में स्थित है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि बॉयलर में दबाव अधिक बढ़ने या तकनीकी खराबी के कारण विस्फोट हुआ। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। प्रशासन ने हादसे के कारणों की गहन जांच के आदेश दिए हैं।
होगी सुरक्षा मानकों की जांच
घटना के बाद पुलिस ने फैक्ट्री को सील कर दिया है और औद्योगिक सुरक्षा मानकों की जांच के आदेश दिए गए हैं। अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद और मुआवजा देने का आश्वासन दिया है। इस घटना ने जिले में औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 26 October 2025 at 22:42 IST